पाटन महाविद्यालय में रजत जयंती पर “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” सेमिनार, युवाओं को मिला प्रगति का मंत्र

मुख्य बातें –

  • भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा बोले – “युवाओं की ऊर्जा और नवाचार ही बनेगा विकसित भारत का आधार”
  • स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील
  • छात्र–छात्राएं ही वर्तमान और भविष्य की विकास यात्रा के असली धुरी : योगेश निक्की भाले

पाटन/ शासकीय चंदूलाल चंद्राकर कला एवं विज्ञान महाविद्यालय पाटन में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” विषय पर भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप साहू, नगर पंचायत एवं जनभागीदारी अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, मंडल अध्यक्ष श्रीमती रानी बंछोर, प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रवीण मढ़रिया मंचासीन रहे।

सेमिनार को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा –
“विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का निर्माण युवाओं के बिना संभव नहीं है। ऊर्जा, उत्साह और नवाचार से भरी युवा शक्ति अगर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े तो राज्य और राष्ट्र दोनों नई ऊँचाइयों को छू सकते हैं।”
उन्होंने नई शिक्षा नीति (NEP 2020), डिजिटल क्लासरूम, रिसर्च सुविधाएं, स्टार्टअप इंडिया, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि योजना जैसी योजनाएं चला रही है। आज युवाओं को लोन की सुविधा आसानी से मिल रही है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस उनका सही उपयोग करने की।

नगर पंचायत एवं जनभागीदारी अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि छात्र–छात्राएं केवल भविष्य के कर्णधार नहीं बल्कि वर्तमान में भी समाज और राष्ट्र की प्रगति की धुरी हैं। अनुशासन, कौशल और देशभक्ति के साथ आगे बढ़कर ही “विकसित छत्तीसगढ़” और “विकसित भारत” का सपना साकार हो सकता है।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार महाविद्यालय में रजत जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ–साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए NSS और रेडक्रॉस के माध्यम से भी लगातार आयोजन होते रहते हैं।

इस अवसर पर केवलचन्द देवांगन, सागर सोनी, समीर बंछोर, आदित्य सवर्णी, विजयकांत वर्मा, चिरंजीव देवांगन सहित प्राध्यापकगण – डॉ. डी.के. भारद्वाज, जागृत देशलहरे, प्रवीण जैन, डॉ. साधना राहटगांवकर एवं बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।