युवा चित्त का जन्म
ओशो- मैंने सुना है, एक गांव के बाहर एक फकीर का झोपड़ा था। एक सांझ अंधेरा उतरता था, फकीर झोपड़े के बाहर बैठा है, एक काली छाया उसे गांव की तरफ भागती जाती मालूम पड़ी। रोका उसने उस छाया को। पूछा, तुम कौन हो और कहां जाती हो? उस छाया ने कहा, मुझे पहचाना नहीं! मैं मौत हूं, और गांव में जा रही हूं। प्लेग आने वाला है। गांव में मेरी जरूरत पड़ गई है।
उस फकीर ने पूछा, कितने लोग मर गए हैं? कितने लोगों के मरने का इंतजाम है? कितने की योजना है?
उस मौत की काली छाया ने कहा, बस हजार लोग ले जाने हैं।
मौत चली गई। महीना भर बीत गया। गांव में प्लेग फैल गया। कोई पचास हजार आदमी मरे। दस लाख की नगरी थी, कुल पचास हजार आदमी मर गए। फकीर बहुत हैरान हुआ कि आदमी धोखा देता था, यह मौत भी धोखा देने लगी! मौत भी झूठ बोलने लगी! और मौत क्यों झूठ बोले? क्योंकि आदमी झूठ बोलता है डर के कारण। मौत किससे डरती होगी कि झूठ बोले। मौत को तो डरने का कोई कारण नहीं, क्योंकि मौत ही डरने का कारण है। तो मौत को क्या डर हो सकता है? फकीर बैठा रहा कि मौत वापस लौटे तो पूछ लूं। महीने भर के बाद मौत वापस लौटी। फिर रोका और कहा कि बड़ा धोखा दिया। कहा था, हजार लोग मरेंगे। पचास हजार लोग मर चुके हैं!
मौत ने कहा, मैंने हजार ही मारे हैं, बाकी भय से मर गए हैं। उनसे मेरा कोई संबंध नहीं है। वे अपने आप मर गए हैं।
और भय से कोई आदमी बिल्कुल मर जाए, बड़ा खतरा नहीं है। लेकिन भय से हम भीतर मर जाते हैं, और बाहर जीते चले जाते हैं। भीतर लाश हो जाती है, बाहर जिंदा रह जाते हैं। भीतर सब डेड वेट हो जाता है..मुर्दा, मरा हुआ। और बाहर हमारी आंखें, हाथ-पैर चलते हुए मालूम पड़ते हैं।
बूढ़े होने का मतलब यह है कि जो आदमी भीतर से मर गया है, सिर्फ बाहर से जी रहा है। जिसकी जिंदगी सिर्फ बाहर है, भीतर जो मर चुका है, वह आदमी बूढ़ा है।
यह हो सकता है कि एक आदमी बाहर से बूढ़ा हो जाए..शरीर पर झुर्रियां पड़ गई हैं, और मृत्यु के चरण-चिह्न दिखाई पड़ने लगे हैं, मृत्यु की पगध्वनियां सुनाई पड़ने लगी हैं..और भीतर से जिंदा हो, जवान हो। उस आदमी को बूढ़ा कहना गलत है। बूढ़ा, शारीरिक मापदंड से नहीं तौला जा सकता है। बुढ़ापा तौला जाता है, भीतर कितना मृत हो गया है, उससे।
कुछ लोग बूढ़े ही जीते हैं, जन्मते हैं, और मरते हैं! कुछ थोड़े से सौभाग्यशाली लोग युवा जीते हैं। और जो युवा होकर जी लेता है, वह युवा ही मरता है। वह मौत के आखिरी क्षण में भी युवा होता है। मृत्यु उसे छीन नहीं पाती। क्योंकि जिसे बुढ़ापा ही नहीं छू पाता है, उसे मृत्यु कैसे छू पाएगी!
लेकिन संस्कृति हमारी भय को ही प्रचारित करती है, हजार तरह के भय खड़े करती है।
सारे पुराने धर्मों ने ईश्वर का भय सिखाया है। और जिसने भी ईश्वर का भय सिखाया है, उसने पृथ्वी पर अधर्म के बीज बोए हैं। क्योंकि भयभीत आदमी धार्मिक हो ही नहीं सकता। भयभीत आदमी धार्मिक दिखाई पड़ सकता है।
भय से कभी किसी व्यक्ति के जीवन में क्रांति हुई है? रूपांतरण हुआ है?
पुलिसवाला चैरास्ते पर खड़ा है, इसलिए मैं चोरी न करूं, तो मैं अच्छा आदमी हूं। पुलिसवाला हट जाए, तो मेरी चोरी अभी शुरू हो जाए।
अगर पक्का पता चल जाए कि ईश्वर मर गया है..उसकी खबरें तो बहुत आती हैं, लेकिन पक्का नहीं हो पाता कि ईश्वर मर गया है..तो जिसको हम धार्मिक आदमी कहते हैं, वह एक क्षण में अधार्मिक हो जाए। अगर इसकी गारंटी हो जाए कि ईश्वर मर गया है, तो जिसको हम धार्मिक आदमी कहते हैं, मंदिर कभी न जाए। फिर सच्चाई, सत्य और गीता और कुरान और बाइबिल की बातें वह भूल कर भी न करे। वह फिर टूट पड़े जीवन पर पागल की तरह! उसने भगवान को एक बहुत बड़ा सुप्रीम कांस्टेबल की तरह समझा हुआ है..हेड कांस्टेबल, सबके ऊपर बैठा हुआ पुलिसवाला..वह उसको डराए हुए है।
पुराना शब्द है: गॅाड फियरिंग, ईश्वर-भीरु! धार्मिक आदमी को हम कहते हैं: ईश्वर-भीरु!
परसों मैं एक मित्र के घर था बड़ौदा में। उन्होंने कहा, मेरे पिता बहुत गॅाड फियरिंग हैं, बड़े धार्मिक आदमी हैं।
सुन लिया मैंने। लेकिन गॅाड फियरिंग धार्मिक कैसे हो सकता है? गॅाड लविंग, ईश्वर को प्रेम करने वाला धार्मिक हो सकता है। ईश्वर से डरने वाला कैसे धार्मिक हो सकता है?
और ध्यान रहे, जो डरता है, वह प्रेम कभी नहीं कर सकता है। जिससे हम डरते हैं, उसको हम प्रेम कर सकते हैं? उसको हम घृणा कर सकते हैं, प्रेम नहीं कर सकते! हां, प्रेम दिखा सकते हैं। भीतर होगी घृणा, बाहर दिखाएंगे प्रेम! प्रेम एक्टिंग होगा, अभिनय होगा!
जो भगवान से डरा हुआ है, उसकी प्रार्थना झूठी है, उसके प्रेम की सब बातें झूठी हैं। क्योंकि जिससे हम डरे हैं, उससे प्रेम असंभव है, उससे प्रेम का संबंध पैदा ही नहीं होता है। कभी आपको ख्याल है, जिससे आप डरे हैं, उसे आपने प्रेम किया है? लेकिन यह भ्रांति गहरी है। वह ऊपर बैठा हुआ पिता भी इस तरह पेश किया गया है कि उससे हम डरे हैं। नीचे भी जिसको हम पिता कहते हैं, मां कहते हैं, गुरु कहते हैं, वे सब डरा रहे हैं। और सब सोचते हैं कि डर से प्रेम पैदा हो जाए।
बाप बेटे को डरा रहा है। डरा कर सोच रहा है कि प्रेम पैदा होता है। नहीं! दुश्मनी पैदा हो रही है। हर बेटा बाप का दुश्मन हो जाएगा। जो बाप भी बेटे को डराएगा, दुश्मनी पैदा हो जाना निश्चित है। और बेटा आज नहीं कल, बदले में बाप को डराएगा। थोड़ा वक्त लगेगा, थोड़ा समय लगेगा। बाप जब बूढ़ा हो जाएगा, बेटा जब जवान होगा, तो बाप ने जब जवान था और बेटा जब बच्चा था, जिस भांति डराया था, पहलू बदल जाएगा, अब बेटा बाप को डराएगा! और बाप चिल्लाएगा: बेटे बिल्कुल बिगड़ गए हैं!
बेटे कभी नहीं बिगड़ते। पहले बाप को बिगड़ना पड़ता है। तब बेटे बिगड़ते हैं।
बाप पहले बिगड़ गया। उसने बचपन में बेटे के साथ वह सब कर लिया है, जो बेटे को बुढ़ापे में उसके साथ करना पड़ेगा। सब चक्के घूम कर अपनी जगह आ जाते हैं।
अगर भय हमने पैदा किया है, तो परिणाम में भय लौटेगा, घृणा लौटेगी, दुश्मनी लौटेगी। प्रेम नहीं लौटता।
और हमने जो ईश्वर बनाया था, वह भय का साकार रूप था। भय ही भगवान था। स्वाभाविक रूप से आदमी उससे डरा। डर कर धार्मिक बना, तो धार्मिकता झूठी ही थोपी! एकदम ऊपरी। भीतर भय था, भीतर डर था।
ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3
संभोग से समाधि की ओर-(प्रवचन-12)





