सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण, निकाय चुनाव के मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर
Table Of Content
- सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में हो निराकरण
- मतदान केंद्रों में बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें
- स्ट्रीट लाइट बंद मिलने पर होगी कार्रवाई, प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
- ई-ऑफिस में लंबित फाइलों को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश
- विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
- अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने की हिदायत
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने शुक्रवार को निगम सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में नागरिकों की समस्याओं के निराकरण, आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों, शहर की प्रकाश व्यवस्था, ई-ऑफिस प्रणाली में लंबित प्रकरणों तथा विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में हो निराकरण
बैठक में आयुक्त ने छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन में नागरिकों द्वारा दर्ज कराई जा रही शिकायतों एवं मांगों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जोन एवं वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए, ताकि शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आयुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरतने और नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
मतदान केंद्रों में बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने शहर के सभी पोलिंग बूथों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र में बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करें, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं और मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्ट्रीट लाइट बंद मिलने पर होगी कार्रवाई, प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
शहर की प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजारों और गली-मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए। खराब एवं बंद लाइटों को तत्काल बदलने तथा जहां आवश्यकता हो वहां नई लाइट लगाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रि के समय नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
ई-ऑफिस में लंबित फाइलों को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश
आयुक्त ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों में लंबित फाइलों एवं प्रकरणों को शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित होने वाले प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में अपनी कार्रवाई पूरी करें, ताकि फाइलों पर अग्रिम निर्णय एवं आवश्यक कार्रवाई समय पर हो सके।
विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
बैठक में शहर में विभिन्न मदों के अंतर्गत स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति प्रदान करें। निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने की हिदायत
आयुक्त सुरूचि सिंह ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों का नियमित फॉलोअप किया जाए और नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण में तत्परता दिखाई जाए। निगम की सेवाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त डी.के. कोसरिया, सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, लेखाधिकारी सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





