ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर रखकर जरूरतमंदों को किया जाता था प्रताड़ित, वैशाली नगर पुलिस की कार्रवाई
भिलाई। आर्थिक रूप से परेशान लोगों को ब्याज पर रकम देकर मनमाना ब्याज वसूलने और ब्लैंक चेक व हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर के जरिए धमकी देकर प्रताड़ित करने के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
50 हजार रुपये के बदले 72,500 रुपये वसूले
पुलिस के अनुसार, वैशाली नगर निवासी प्रार्थिया पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आर्थिक परेशानी के चलते उसने 16 दिसंबर 2024 को सीमा यादव से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इसके बदले 40 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से ब्याज मांगा गया। सुरक्षा के नाम पर इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर भी रखवा लिए गए।
प्रार्थिया से प्रति सप्ताह 2,500 रुपये के हिसाब से 29 सप्ताह में कुल 72,500 रुपये वसूले गए। इसके बावजूद अतिरिक्त रकम की मांग की जाती रही। रकम नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा बेटी की हत्या करने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
एक लाख रुपये के बदले 1.40 लाख रुपये ब्याज वसूला
इसी मामले में प्रार्थिया की सहेली सुमिता ताम्बोली को भी एक लाख रुपये ब्याज पर दिलवाए गए थे। आरोपियों ने सुरक्षा के नाम पर उसके भी आठ ब्लैंक चेक रखे और प्रति सप्ताह पांच हजार रुपये के हिसाब से 28 सप्ताह में कुल 1 लाख 40 हजार रुपये ब्याज वसूले। इसके बाद भी फोन पर गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत की गई।
तलाशी में 3.79 लाख रुपये नकद, ब्लैंक चेक और स्टाम्प पेपर बरामद
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों से कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर और ब्याज के लेन-देन से संबंधित हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के कब्जे से 99,900 रुपये नकद, ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और हिसाब-किताब की डायरी मिली। ज्योति निरंजन के पास से ब्याज संबंधी डायरी बरामद की गई। वहीं सीमा यादव के मकान की तलाशी में 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, हिसाब-किताब की डायरी, कोरे चेक और स्टाम्प पेपर मिले।
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार, अब मुख्य आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में
इस प्रकरण में बबली साहू उर्फ बबली निरंजन और ज्योति निरंजन को 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। आरोपी प्रमोद साहू को भी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रही मुख्य आरोपी सीमा यादव की तलाश के बाद पुलिस ने उसे 2 नवंबर को दोपहर 1:10 बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 308(5), 3(5) तथा कर्ज एक्ट की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जरूरत के समय किसी से भी ब्याज पर रकम लेने से पहले ब्याज दर और शर्तों की पूरी जानकारी लें। सुरक्षा के नाम पर किसी को भी ब्लैंक चेक या हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर न दें। अवैध ब्याज वसूली, धमकी या मानसिक प्रताड़ना की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
कार्रवाई में थाना वैशाली नगर के थाना प्रभारी एवं विवेचना टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





