15वें वित्त आयोग की राशि से वार्ड 10, 11 और 13 में होगा डामरीकरण, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने अधिकारियों को दिए निर्देश
Table Of Content
दुर्ग। शहरवासियों को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा विभिन्न वार्डों में सड़क नवीनीकरण एवं डामरीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महापौर अलका बाघमार के निर्देश पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने अधिकारियों के साथ वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 13 में 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत बी.टी. रोड रिन्यूवल (डामरीकरण) कार्यों का निरीक्षण किया। इन तीनों वार्डों में कुल 86.84 लाख रुपये की लागत से सड़क नवीनीकरण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले तथा उप अभियंता करण यादव उपस्थित रहे। लोक कर्म प्रभारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने नियमित रूप से फील्ड में उपस्थित रहकर निर्माण कार्यों की निगरानी करने तथा निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
वार्ड 10 और 11 में 42.20 लाख से होगा डामरीकरण
प्रथम चरण में वार्ड क्रमांक 10 में दुर्गा चौक से बुद्ध विहार तक तथा वार्ड क्रमांक 11 में शंकर नगर बुद्ध विहार चौक से कुर्मी भवन एवं अन्य स्थानों तक बी.टी. रोड रिन्यूवल का कार्य कराया जाएगा। इन कार्यों के लिए कुल 42.20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
वार्ड 13 में 44.64 लाख के सड़क नवीनीकरण कार्य
इसी तरह वार्ड क्रमांक 13 के मोहन नगर क्षेत्र में 44.64 लाख रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का नवीनीकरण किया जा रहा है। इसमें कश्यप के घर से ईश्वर वर्मा के घर तक, आकाश दानी गली से लाल बिल्डिंग होते हुए हैंडपंप एवं शीतला मंदिर तक तथा गुप्ता नर्सिंग होम से चंद्राकर के घर तक बी.टी. रोड रिन्यूवल के कार्य शामिल हैं।
बेहतर आवागमन की मिलेगी सुविधा
तीनों वार्डों में कुल 86.84 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन सड़क नवीनीकरण कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा मिलेगी। लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं।





