भिलाई-3। नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निगम परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहायक लेखा अधिकारी श्री रामनिवास पाल एवं सफाईकर्मी श्रीमती चंद्रकला देवी को सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह में उनके सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों, समर्पण और निगम के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निगम आयुक्त एसके सुंदरानी ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। कर्मचारी अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उनके अनुभव, अनुशासन और कार्यशैली संस्थान के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहते हैं।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यह जीवन की नई शुरुआत भी है। इस अवसर पर उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह के दौरान निगम परिवार की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





