त्योहारी सीजन से पहले बाजारों को जाममुक्त बनाने की पहल, निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रमुख बाजारों से हटाए अवैध कब्जे
दुर्ग-भिलाई। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस एवं नगर निगम दुर्ग-भिलाई द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो महीनों में संयुक्त टीम ने 27 बार अभियान चलाकर प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों से अवैध अतिक्रमण हटाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले 3,475 वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई।
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहर में जाम की समस्या को कम करना, सड़क एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर हुई कार्रवाई
संयुक्त अभियान के तहत दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट, समृद्धि मार्केट, बस स्टैंड, शनिचरी मार्केट और स्टेशन रोड में कार्रवाई की गई।
वहीं भिलाई नगर निगम क्षेत्र के आकाशगंगा जोन, जवाहर मार्केट, सिविक सेंटर, जुनवानी रोड स्थित अवंतीबाई चौक, नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल चौक, सुपेला चौक से गदा चौक, सुपेला से पावर हाउस सर्विस रोड और नंदिनी रोड स्थित छावनी चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर आवागमन को सुचारू बनाया गया।
व्यापारियों के साथ बैठक, वाइट मार्किंग से तय होगी दुकानों की सीमा
अभियान के दौरान दुर्ग पुलिस एवं यातायात पुलिस ने इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट, आकाशगंगा, जवाहर मार्केट और सिविक सेंटर के व्यापारी संघों एवं दुकानदारों के साथ बैठकें भी कीं। बैठकों में बाजारों की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और आगामी त्योहारों के दौरान भीड़ एवं जाम से निपटने के उपायों पर चर्चा की गई।
इस दौरान दुकानों के बाहर वाइट मार्किंग कर सीमाएं निर्धारित करने, वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिन्हांकित करने और ग्राहकों के लिए व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर सहमति बनाई गई।
पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित वाइट लाइन के बाहर सड़क या फुटपाथ पर न रखें। साथ ही ग्राहकों को भी निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने के लिए जागरूक करें।
नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 3,475 ई-चालान
पिछले दो महीनों के अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वाले कुल 3,475 वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम भिलाई द्वारा 15,000 रुपये तथा नगर निगम दुर्ग द्वारा 11,550 रुपये का चालान किया गया।
त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि शहर को जाममुक्त बनाने, बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने और आम नागरिकों को परेशानी से बचाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेष रूप से आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।





