भिलाई-चरोदा निगम के 176 स्वच्छता कमांडो की बैठक लेकर बढ़ाया उत्साह, कचरे से अतिरिक्त आय अर्जित करने का भी दिया सुझाव
भिलाई-चरोदा। नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के कमिश्नर एस.के. सुंदरानी ने सोमवार, 2 नवंबर 2026 को स्वच्छता कमांडो की बैठक लेकर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की और कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया। बैठक में स्वच्छता कमांडो ने अपने कार्यों की वर्तमान स्थिति से कमिश्नर को अवगत कराया। इस दौरान स्वास्थ्य प्रभारी बीनू वर्मा सहित उनकी पूरी टीम उपस्थित रही।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र में वर्तमान में कुल 176 स्वच्छता कमांडो कार्यरत हैं, जो प्रतिदिन पूरे निगम क्षेत्र में सफाई एवं कचरा संग्रहण का कार्य कर रहे हैं।
बैठक में कमिश्नर एस.के. सुंदरानी ने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी सभी कर्मचारियों के साथ पहली मुलाकात है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी प्रभावी और बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि घरों से कचरा संग्रहण के दौरान गीला और सूखा कचरा अलग-अलग प्राप्त किया जाए। सूखे कचरे में मौजूद कागज, पुठ्ठा और लोहे जैसी उपयोगी सामग्री को अलग कर बेचने से स्वच्छता कमांडो अपनी अतिरिक्त आय भी बढ़ा सकते हैं। वहीं गीले कचरे को रिसाइक्लिंग प्रक्रिया के लिए आगे भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि कचरे का पृथक्करण और उसका उचित प्रबंधन ही स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि भिलाई-चरोदा को स्वच्छता के मानकों में उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सके।
कमिश्नर ने स्वच्छता कमांडो के योगदान को शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।





