सिटी ई-बस डिपो का प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
चार्जिंग स्टेशन, विद्युत व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर, ई-बसों के सुचारू संचालन की तैयारी तेज
भिलाई। जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सिटी ई-बस डिपो का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को डिपो में शेष निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा ई-बस सेवा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चार्जिंग स्टेशन और विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने डिपो में निर्माणाधीन एवं शेष कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था, विद्युत सुविधाओं, भवन की पुताई और डिपो परिसर से जुड़े अन्य कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी आवश्यक तकनीकी और बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और जिन कार्यों में देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा कराया जाए। उन्होंने डिपो परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को व्यवस्थित करने तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया, ताकि ई-बस सेवा शुरू होने के बाद संचालन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह, दुर्ग निगम आयुक्त लीना कोसम, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, सूडा के अधीक्षण अभियंता रमेश कुमार सिंह, रिसाली निगम आयुक्त मोनिका वर्मा, भिलाई-चरोदा निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत, एसडीएम प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, कार्यपालन अभियंता अरविन्द शर्मा, श्वेता वर्मा, पलाश वैद्य, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि सहित नगर पालिक निगम भिलाई के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



