ब्राइट विद्यालय के विशेष बच्चों और वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, मोबाइल मेडिकल यूनिट ने दी उपचार सुविधा
मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत कादंबरी नगर में पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट, बच्चों और बुजुर्गों को मिला चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार
दुर्ग। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU-03) की टीम ने कादंबरी नगर स्थित ब्राइट मंदबुद्धि एवं मूकबधिर विद्यालय में छात्र-छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
इसी क्रम में मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम कादंबरी नगर स्थित प्रशामक देखरेख गृह वृद्धाश्रम भी पहुंची। यहां निवासरत बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
‘स्वास्थ्य सेवा आपके द्वार’ की पहल को मिल रही मजबूती
मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के माध्यम से मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीमें विभिन्न क्षेत्रों एवं संस्थानों में पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। इससे विशेष रूप से जरूरतमंद वर्गों, दिव्यांग बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को अपने नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के साथ ही समाज के संवेदनशील वर्गों की देखभाल को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालय और वृद्धाश्रम में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण से बच्चों एवं बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
आपसी समन्वय से आयोजित हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन संस्था के संचालक राजू राजपूत तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट के एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष यादव के आपसी समन्वय एवं सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर मोबाइल मेडिकल यूनिट के मेडिकल ऑफिसर डॉ. निलेश शर्मा, फार्मासिस्ट पूनमचंद साहू, नर्स राधिका यादव, लैब टेक्नीशियन संध्ली सहित संस्था के शिक्षकगण उपस्थित रहे।



