हरना बांधा तालाब पर अतिक्रमण को लेकर सख्त हुईं महापौर अलका बाघमार

 हरना बांधा तालाब पर अतिक्रमण को लेकर सख्त हुईं महापौर अलका बाघमार

अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश, महापौर बोलीं—स्वयं हटाएं अवैध कब्जा, नहीं तो निगम करेगा कार्रवाई

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र के तकियापारा वार्ड क्रमांक-8 स्थित हरना बांधा तालाब के चारों ओर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर अलका बाघमार ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। महापौर ने वार्ड पार्षद, एमआईसी सदस्यों एवं निगम अधिकारियों के साथ तालाब क्षेत्र का जायजा लिया और मौके पर मौजूद नागरिकों से अतिक्रमण संबंधी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने तालाब के किनारे किए गए पुराने एवं नए अतिक्रमण तथा निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। स्थानीय नागरिकों एवं शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा तालाब की सीमा की ओर बढ़कर अवैध रूप से कब्जा किया गया है तथा वहां घर एवं अन्य निर्माण किए गए हैं।

अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

महापौर अलका बाघमार ने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब की वास्तविक सीमा एवं शासकीय भूमि का नियमानुसार चिन्हांकन कराया जाए। इसके बाद अतिक्रमण किए गए स्थानों की जांच कर संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तालाब क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट रूप से चिन्हित की जाए और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को संरक्षण नहीं दिया जाए।

महापौर की दो टूक—स्वयं हटाएं अवैध कब्जा

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि हरना बांधा तालाब शहर की महत्वपूर्ण जल संरचनाओं में शामिल है। तालाबों एवं उनके आसपास की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि तालाब के किनारे जिन लोगों ने अवैध रूप से निर्माण अथवा कब्जा किया है, वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। यदि अतिक्रमण स्वेच्छा से नहीं हटाया गया तो नगर निगम प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटाया जाएगा।

जलस्रोतों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी

महापौर ने कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। तालाबों को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त रखने के लिए नागरिक निगम प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे अथवा तालाब क्षेत्र में अतिक्रमण की जानकारी नगर निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

तालाब क्षेत्र में नियमित निगरानी के निर्देश

महापौर ने निगम अधिकारियों को हरना बांधा तालाब क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा कि शहर के जलस्रोतों को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य शेखर चन्द्राकर एवं ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद खालिक रिजवी शेरू एवं आशीष चन्द्राकर, जितेंद्र जीतू ताम्रकार, एल्डरमैन अनूप सोनी, उप अभियंता विनोद मांझी, करण यादव, जाकिर खोकर, वसीम कुरैशी सहित बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।