सेवा सेतु शिविर में एक ही जगह मिल रही कई सरकारी सेवाएं, तीन स्थानों पर लगे विभागीय काउंटर
पेंशन, पीएम आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान, आधार अपडेशन से लेकर पीएम सूर्यघर योजना तक की सुविधाएं उपलब्ध
भिलाईनगर। राज्य शासन की 25 वर्षों की जनसेवा एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 स्थित लोकांगन वैशाली नगर, वार्ड क्रमांक 33 स्थित मंगल भवन बैकुण्ठधाम तथा वार्ड क्रमांक 42 स्थित श्रीराम वाटिका डोम शेड में सेवा सेतु शिविर लगाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचकर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं
सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा आवेदन, पंजीयन और आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल बनाना है। नागरिकों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं।
इन काउंटरों के माध्यम से पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, पीएम स्वनिधि, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य जांच एवं उपचार, आधार अपडेशन और श्रमिक कार्ड पंजीयन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक उपकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित सेवाएं, पीएम सूर्यघर योजना तथा राजस्व विभाग दुर्ग सहित अन्य विभागों के काउंटर भी शिविर में लगाए गए हैं।
कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी और सेवाओं के लिए अलग-अलग विभागों के कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम करने का प्रयास किया जा रहा है। एक ही स्थान पर योजना की जानकारी, पात्रता संबंधी मार्गदर्शन, आवेदन, पंजीयन और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को सुविधा मिल रही है।
निगम ने नागरिकों से की शिविर का लाभ उठाने की अपील
नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी आवश्यकता और पात्रता के अनुसार संबंधित शिविर स्थल पर पहुंचकर शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उठाएं। निगम का उद्देश्य सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और नागरिकों के लिए सेवाओं की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है।



