गणेश विसर्जन स्थलों का निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण, पूजा सामग्री के लिए अलग कुंड बनाने के निर्देश
तालाबों की सफाई और नागरिक सुविधाओं का लिया जायजा, कुरूद की पुलिया का संधारण कार्य जल्द कराने के निर्देश
भिलाईनगर। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देश पर शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में निगम आयुक्त ने जोन अधिकारियों के साथ जोन क्रमांक-1 नेहरू नगर क्षेत्र के विभिन्न तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान आमा तालाब, कोहका भेलवा तालाब और नक्टा तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लिया गया।
पूजा सामग्री के लिए बनाया जाएगा अलग कुंड
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विसर्जन स्थलों पर पूजा सामग्री को तालाब में जाने से रोकने के लिए अलग कुंड अथवा पात्र की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान फूल, कपड़े, नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री को निर्धारित स्थान पर ही एकत्र किया जाए, ताकि तालाबों की स्वच्छता और जलस्रोतों की गुणवत्ता बनी रहे।
निगम की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे पूजा सामग्री तालाब में न डालें और निर्धारित स्थान पर ही रखें।
वैशाली नगर जोन में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण
इसके बाद आयुक्त ने जोन क्रमांक-2 वैशाली नगर क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों एवं तालाब सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। कुरूद स्थित गोकुल नगर ऑक्सीडेशन पॉइंट का जायजा लेते हुए उन्होंने व्यवस्था में सुधार, साफ-सफाई तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कुरूद की पुलिया का जल्द होगा संधारण
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक-22 कुरूद बस्ती स्थित पुलिया का भी निरीक्षण किया गया। स्थानीय आवागमन की सुविधा को देखते हुए आयुक्त ने पुलिया के संधारण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर स्थल की स्थिति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी एवं निर्माण संबंधी कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने कहा।
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त दिनेश कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, अधिकारी अर्पित द्विवेदी, सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, शंकर सहानी, अंजनी सिंह सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



