टोल की भारी वसूली, फिर भी हादसों को न्योता दे रहा कुम्हारी नेशनल हाईवे का सर्विस रोड
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा के पास से गुजरने वाला सर्विस रोड इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा और बदहाली का शिकार बना हुआ है। हर रोज लाखों-करोड़ों रुपये टोल टैक्स के रूप में वसूलने के बावजूद न तो सड़क का उचित रखरखाव किया जा रहा है और न ही यातायात व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है।
सड़क पर मवेशियों का डेरा, हादसों का डर
सर्विस रोड पर रोजाना दर्जनों मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। सड़क के बीचों-बीच और किनारों पर बैठे ये मवेशी यहां से गुजरने वाले राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। भारी वाहनों और ट्रकों की आवाजाही के बीच अचानक मवेशियों के सामने आ जाने से हर समय गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
गड्ढे और अतिक्रमण ने बढ़ाई आफत
देखरेख के अभाव में सर्विस रोड जगह-जगह से जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें भरा पानी राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। रही-सही कसर सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री (रेत, गिट्टी आदि) पूरी कर रही है, जिससे रास्ता और अधिक संकरा हो गया है।
प्रशासन और हाईवे गश्त टीम की चुप्पी
इस बदहाली ने हाईवे पेट्रोलिंग और स्थानीय पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमित मॉनिटरिंग के दावों के बावजूद न तो मवेशियों को हटाने की कोई व्यवस्था की जा रही है और न ही सड़क पर अवैध रूप से रखी सामग्री व गड्ढों पर कोई कार्रवाई हो रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मांग की है कि टोल प्रबंधन, पालिका प्रशासन और पुलिस मिलकर जल्द से जल्द सर्विस रोड की मरम्मत कराएं और सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाकर यातायात सुगम बनाएं।



