नगरीय निकाय कर्मचारियों का 1 अक्टूबर को रायपुर में बड़ा धरना

 नगरीय निकाय कर्मचारियों का 1 अक्टूबर को रायपुर में बड़ा धरना

15 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के आंदोलन में शामिल होंगे प्रदेशभर के अधिकारी-कर्मचारी

दुर्ग। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा विभिन्न अनुषांगिक संगठनों की मांगों को लेकर आगामी 1 अक्टूबर को रायपुर के तूता में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इस आंदोलन में प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आंदोलन में अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

इसी सिलसिले में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अटल नगर, नवा रायपुर स्थित महानदी एवं इंद्रावती भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव एवं संचालक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारियों को महासंघ का 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपने के साथ ही 1 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में प्रदेश के नगरीय निकाय कर्मचारियों के शामिल होने की औपचारिक सूचना भी दी।

लंबे समय से उठाई जा रही मांगें

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे एवं प्रदेश महामंत्री अनिल सिंह ने बताया कि नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी, संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर महासंघ द्वारा लगातार विभागीय मंत्री अरुण साव, सचिव एवं संचालक से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा जाता रहा है। मांगों पर बिंदुवार चर्चा भी हुई है, लेकिन महासंघ के अनुसार अब तक इनके निराकरण की दिशा में अपेक्षित ठोस पहल नहीं हो सकी है।

मांगों के समर्थन में जुटेंगे कर्मचारी

महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण अब प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर को आयोजित धरना-प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान कर्मचारियों की लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया जाएगा।

महासंघ ने प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रायपुर के तूता में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करें।

प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के सुरेश तिवारी, संजय मिश्रा, अनिल बाजपेयी, विष्णु चन्द्राकर, अमरनाथ दुबे, रामवृक्ष यादव, गोपाल सिन्हा, अरुण मिश्रा, रीता चतुर्वेदी, कृष्णा देशमुख, अमित चंद्राकर, विवेक रंगनाथ, संतोष सोनी, शशि यादव, ईश्वर वर्मा, राम अवतार साहू, नवीन साहू एवं विजेंद्र परिहार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

— अनिल सिंह
प्रदेश महामंत्री, स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़