भिलाई-03 चरोदा निगम में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में हर घर से एक दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील, कर्मवीरों का होगा सम्मान

 भिलाई-03 चरोदा निगम में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में हर घर से एक दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील, कर्मवीरों का होगा सम्मान

भिलाई-03 चरोदा। छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग के निर्देश एवं जिला प्रशासन दुर्ग के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम भिलाई-03 चरोदा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना तथा भारत सरकार एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाना है।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर 2026 को पुरानी थाना भिलाई-03 परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दोपहर के बाद से शाम तक चलेगा।

निगम आयुक्त  डी.एस. राजपूत ने निगम क्षेत्र के नागरिकों से इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर से एक दीपक प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।

भगवान विश्वकर्मा का पूजन और निगम के वाहनों का सम्मान

कार्यक्रम से पूर्व नगर निगम कार्यालय में सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही निगम के सभी वाहनों एवं मशीनों का भी सम्मानपूर्वक पूजन किया जाएगा।

इसके पश्चात महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर, समस्त एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों की उपस्थिति में निगम के कर्मवीरों का सम्मान किया जाएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही नागरिकों को विकसित भारत 2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।

निगम प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सहभागिता कर जनसेवा के प्रति अपना समर्थन एवं आभार व्यक्त करें और प्रत्येक घर से एक दीपक प्रज्ज्वलित कर अभियान को सफल बनाएं।