कुम्हारी व्यापारी संघ ने स्वतंत्रता दिवस को बनाया नारी सशक्तिकरण का उत्सव, मातृशक्ति का हुआ सम्मान
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कुम्हारी व्यापारी संघ द्वारा इस वर्ष समारोह को नारी सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में नगर की बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरुनानक कृषि उत्पादों की संस्थापिका श्रीमती जसप्रीत कौर उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं ने नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अधिकारों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। नगर की मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिक्षा और आत्मनिर्भरता से मजबूत होगी नारी शक्ति
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने अपने उद्बोधन में सरकार एवं नगर पालिका कुम्हारी के संकल्पों को दोहराते हुए कहा कि प्रत्येक महिला शिक्षित, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बने तथा उसे समाज में सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिले। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं अंकिता राठी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब कार्य के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिले। महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ उचित सम्मान और समान अवसर मिलना आवश्यक है।
श्रीमती सुमन अग्रवाल ने भी अपने उद्बोधन में नारी शक्ति की प्रगति और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। अतिथियों के प्रेरणादायी संबोधन से कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम को सफल बनाने में कुम्हारी व्यापारी संघ से जुड़ी महिलाओं एवं नगर की मातृशक्ति की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में श्रीमती माया राठी, संजना अग्रवाल, अंजलि शुक्ला, रेखा चौहान, सीता राठी, उषा जायसवाल, सुमन अग्रवाल, मेघा जैन, शिल्पा जैन, खुशबू जैन, नीतू पाल, प्रीति राठौड़, सीमा सोनी, शशि जी, गायत्री राठौड़, पिंकी वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
अंत में सभी उपस्थितजनों को स्वल्पाहार एवं मिठाई का वितरण किया गया। इस तरह स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन देशभक्ति के साथ-साथ महिला सम्मान, समानता और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

