सिविक सेंटर होगा अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित, पार्किंग व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव
भिलाई। शहर के हृदय स्थल सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित और सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। शाम के समय सिविक सेंटर मार्केट में लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के समाधान को लेकर पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों के साथ चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर सहमति बनाई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल ने पुलिस टीम के साथ सिविक सेंटर का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र के व्यापारियों एवं आम नागरिकों से यातायात और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की गई।
पुलिस प्रशासन के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर सिविक सेंटर में पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
सफेद पट्टी के अंदर ही करनी होगी पार्किंग
सिविक सेंटर में सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर कार और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग बोर्ड लगाए जाएंगे। वाहनों को केवल निर्धारित सफेद पट्टी के अंदर ही पार्क करने की अनुमति होगी। सफेद पट्टी के बाहर अथवा सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने पर नियमानुसार चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही दुकानदारों से अपनी तथा अपने कर्मचारियों की गाड़ियां दुकान के सामने सड़क पर खड़ी नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की गई है।
झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर होगी पार्किंग की मार्किंग
सिविक सेंटर क्षेत्र में सड़क किनारे मौजूद अवैध झाड़ियों और अनावश्यक पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कर उपयुक्त स्थानों पर सफेद पट्टी की मार्किंग की जाएगी। इससे उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए वाहनों को निर्धारित दायरे में व्यवस्थित तरीके से पार्क कराया जा सकेगा।
पार्किंग व्यवस्था संभालने गार्ड होंगे नियुक्त
पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापारियों द्वारा आपसी सहमति से गार्ड की नियुक्ति की जाएगी। ये गार्ड वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल में ही वाहन खड़ा करने की अपील करेंगे और पार्किंग को व्यवस्थित रखने में सहयोग करेंगे।
अवैध दुकानों और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
सिविक सेंटर क्षेत्र में संचालित अवैध दुकानों एवं अतिक्रमण को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा ऐसे सभी उपयुक्त स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पार्किंग विकसित की जा सकती है। इन स्थानों को आवश्यकतानुसार पार्किंग क्षेत्र के रूप में विकसित अथवा घोषित किया जाएगा।
आम नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सिविक सेंटर अथवा शहर के किसी भी अन्य व्यस्त क्षेत्र में वाहन लेकर जाने पर निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। वाहन को सफेद पट्टी के अंदर व्यवस्थित तरीके से पार्क करें और नो-पार्किंग क्षेत्र या सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर बेतरतीब तरीके से या नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से ज्यादा व्यवस्था सुधारने पर जोर
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सिविक सेंटर में की जा रही पहल का उद्देश्य केवल चालानी या दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि व्यापारियों, आम नागरिकों और संबंधित विभागों के सहयोग से सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाना है।
यदि योजना प्रभावी ढंग से लागू होती है तो शाम के समय सिविक सेंटर मार्केट में लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही पार्किंग की समस्या का भी स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

