साईनगर बघेरा में भाई ने भाई की हत्या, हिसाब-किताब के विवाद में कुल्हाड़ी से किया वार

 साईनगर बघेरा में भाई ने भाई की हत्या, हिसाब-किताब के विवाद में कुल्हाड़ी से किया वार

दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के साईनगर बघेरा में आपसी विवाद के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

चॉइस सेंटर के संचालन को लेकर था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी देवेन्द्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन सगे भाई थे। दोनों भाई मिलकर चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने और उससे जुड़े हिसाब-किताब को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

बताया गया है कि इसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच फिर से कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर देवेन्द्र देवांगन ने अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में कैलाश को गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा प्रकरण की अग्रिम विवेचना जारी है।