कुम्हारी में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल तक बनेगा नया मार्ग, 10 अगस्त को होगा भूमिपूजन

 कुम्हारी में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल तक बनेगा नया मार्ग, 10 अगस्त को होगा भूमिपूजन

उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष रखी गई मांग को मिली स्वीकृति, शाला विकास समिति एवं शाला परिवार ने जताया आभार

कुम्हारी। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय कुम्हारी में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। विद्यालय तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्ग के जर्जर होने की समस्या अब जल्द दूर होने जा रही है। इस मार्ग के नवीन निर्माण के लिए स्वीकृति मिलने के बाद 10 अगस्त 2026 को भूमिपूजन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2025 को कुम्हारी में अटल परिसर के अनावरण कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के उपमुख्यमंत्री अरुण साव पहुंचे थे। इस दौरान पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल की शाला विकास समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे एवं सांसद प्रतिनिधि सुजीत यादव ने विद्यालय आने वाले प्रमुख मार्ग की जर्जर स्थिति से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया था। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग के नवीन निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा था।

शाला विकास समिति के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की तथा आवश्यक राशि का आवंटन किया। अब स्वीकृत कार्य का भूमिपूजन 10 अगस्त को होने जा रहा है।

विद्यार्थियों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग के निर्माण से विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यालय आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से जर्जर मार्ग के कारण होने वाली परेशानी से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मार्ग निर्माण की स्वीकृति और भूमिपूजन की प्रक्रिया शुरू होने पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे, सांसद प्रतिनिधि सुजीत यादव, समिति के सभी सदस्यों, विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शाला परिवार ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, नगर पालिका के सांसद प्रतिनिधि राजू निषाद सहित नगर पालिका के सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शाला विकास समिति ने कहा कि विद्यालय से जुड़ी मूलभूत सुविधा की इस महत्वपूर्ण मांग को प्राथमिकता देते हुए स्वीकृति प्रदान किए जाने से विद्यार्थियों एवं शाला परिवार में खुशी का माहौल है। नवीन मार्ग का निर्माण विद्यार्थियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।