जनदर्शन की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण, विकास कार्यों में न हो देरी: आयुक्त सुरूचि सिंह

 जनदर्शन की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण, विकास कार्यों में न हो देरी: आयुक्त सुरूचि सिंह

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने गुरुवार को निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में निगम मुख्यालय सहित सभी जोन कार्यालयों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे। आयुक्त ने विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित सभी लंबित निविदा प्रक्रियाओं को आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और नागरिकों को लगातार बेहतर सुविधाएं मिलती रहें।

बैठक में कचान्दुर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उपचारित जल के अधिकतम उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि उपचारित जल का प्राथमिकता के आधार पर औद्योगिक इकाइयों एवं सिंचाई कार्यों में उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जल कार्य विभाग को पाइपलाइन विस्तार, जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार तथा वितरण प्रणाली से जुड़े सभी लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बोरवेल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि जिन स्थानों पर बोरवेल से पानी नहीं निकलता, उन मामलों में संबंधित एजेंसी को भुगतान नहीं किया जाए। उन्होंने बिजली बिलों के बढ़ते भार एवं लंबित भुगतान की भी समीक्षा करते हुए सरचार्ज में राहत प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा निगम कार्यालय में स्थापित काउकैचर एवं एलिवेटर के तत्काल संधारण, आवश्यक वाहनों की मरम्मत तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुधार कार्यों को बिना विलंब पूरा करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक के अंत में आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक विकास एवं जनहित के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें, ताकि भिलाई के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और सुगम नगर निगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।