राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, भिलाई-3 में सड़क से मंदिर तक पदयात्रा; निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग

 राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, भिलाई-3 में सड़क से मंदिर तक पदयात्रा; निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग

सिरसा गेट चौक से राम मंदिर तक निकाला विरोध मार्च, कांग्रेस नेताओं ने चढ़ावे के कथित दुरुपयोग पर उठाए सवाल; कहा- श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है मामला, सच्चाई सामने लाए सरकार

भिलाई-3। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भिलाई-चरोदा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भिलाई-3 के सिरसा गेट चौक से राम मंदिर तक पदयात्रा निकालकर पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मंदिर में चढ़ावे के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि वित्तीय प्रबंधन को लेकर कोई संदेह उत्पन्न हुआ है तो सरकार और संबंधित प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि तथ्यों को सार्वजनिक कर जनता के सामने स्पष्ट स्थिति रखी जाए।सिरसा गेट चौक से शुरू हुई पदयात्रा राम मंदिर पहुंचकर सभा में तब्दील हुई। यहां कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र हैं। ऐसे में उनके नाम पर मिलने वाले चढ़ावे और दान राशि के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता या जवाबदेही से बचने की कोशिश स्वीकार्य नहीं हो सकती।

राकेश ठाकुर बोले- आस्था से जुड़े सवालों पर देश को मिलना चाहिए जवाब

दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के प्रतीक हैं। यदि चढ़ावे और वित्तीय प्रबंधन को लेकर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं तो सरकार को निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई देश के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महापौर निर्मल कोसरे ने पारदर्शिता पर दिया जोर

भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है। ऐसे में मंदिर के चढ़ावे और वित्तीय व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता होना जरूरी है। यदि किसी प्रकार के आरोप सामने आए हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो।

ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा बोले- आंदोलन धर्म के खिलाफ नहीं, जवाबदेही के लिए

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने कहा कि यह आंदोलन किसी धर्म या धार्मिक भावना के खिलाफ नहीं है। कांग्रेस केवल उन कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग कर रही है जिनको लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता

प्रदर्शन में दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महापौर निर्मल कोसरे, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा, एमआईसी सदस्य मोहन साहू, पार्षद संतोष तिवारी, टेनेंद्र कुमार ठाकरे, डे साहब वर्मा, मनोज डेहरिया, पप्पू चंद्राकर, विनोद कुमार, ललित दुर्गा, बीएन राजू, संतोष मंडपे, नौशाद सिद्दीकी, विनोद निषाद, राकेश वर्मा, जुनैद, युवराज वर्मा, राजेश झांघम, रानी वर्मा, नरेंद्र वर्मा, एम. जॉनी, भागीरथी निर्मलकर, मिथलेश, हरमिक, संजय राय, विकास कुर्रे, हेमंत वर्मा, प्रेम मिश्रा, राम सूर्यवंशी, डिकेंद्र, प्रदीप गेन, प्रकाश दुर्गा, ललित साहू, मनीष वर्मा, अभिषेक वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।