सिस्टम इंडिया कंपनी में कर्मचारी की मौत पर गरमाई सियासत, केकेसी पदाधिकारियों ने परिवार से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

 सिस्टम इंडिया कंपनी में कर्मचारी की मौत पर गरमाई सियासत, केकेसी पदाधिकारियों ने परिवार से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

जामुल। जामुल क्षेत्र के घासीदास नगर निवासी एक श्रमिक की कार्य के दौरान हुई मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर केकेसी (KKC) के पदाधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग से उचित कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, सिस्टम इंडिया कंपनी में कार्यरत शिव कुमार सोनी की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर उपेक्षा और परिवार के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने पर केकेसी के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर के निर्देश पर संगठन के पदाधिकारी मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान राम सूर्यवंशी (प्रदेश सचिव, केकेसी एवं जिला महामंत्री व प्रभारी) ने कहा कि एक गरीब परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद उसके आश्रितों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी प्रबंधन द्वारा परिवार को नियमानुसार सहायता और अधिकार नहीं दिए गए हैं तो संगठन इस मामले को गंभीरता से उठाएगा।

केकेसी पदाधिकारियों ने बताया कि मामले को लेकर श्रम विभाग (लेबर डिपार्टमेंट) के अधिकारियों से भी चर्चा की गई है और मृतक परिवार को न्याय दिलाने, उचित मुआवजा दिलाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

परिजनों ने संगठन के प्रतिनिधियों को अपनी पीड़ा बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि संगठन मृतक परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में राहुल वर्मा (जिला अध्यक्ष, केकेसी दुर्ग ग्रामीण), प्रेम कुमार मिश्रा, ऋषभ तिवारी सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज

केकेसी पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन और श्रम विभाग से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।