61 सब इंस्पेक्टर बने इंस्पेक्टर: छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ी पदोन्नति, DGP ने जारी किया आदेश, देखें पूरी सूची
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर पदोन्नति की घोषणा की गई है। पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 61 सब इंस्पेक्टर (Sub Inspector) को इंस्पेक्टर (Inspector) पद पर पदोन्नत किया गया है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने बुधवार को आदेश जारी किया।
जारी आदेश के मुताबिक पदोन्नत किए गए सभी अधिकारी 2013 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं। फिलहाल यह केवल पदोन्नति हेतु योग्यता सूची जारी की गई है, जबकि इन अधिकारियों की नई पदस्थापना (पोस्टिंग) के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।
पदोन्नति सूची में प्रदेशभर के अधिकारी शामिल
जारी सूची में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, कांकेर, कोरिया, कबीरधाम, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, सुकमा, बीजापुर, कोण्डागांव, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-चौकी, जशपुर, गरियाबंद, बलौदाबाजार, महासमुंद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारी शामिल हैं।
विभागीय जांच होने पर पदोन्नति हो सकती है प्रभावित
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण अथवा ऐसी कोई अन्य कार्रवाई लंबित पाई जाती है, जिससे पदोन्नति प्रभावित होती हो, तो संबंधित तथ्य तत्काल पुलिस मुख्यालय को भेजे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारी की पदोन्नति निरस्त भी की जा सकती है।
18 माह तक प्रभावी रहेगी योग्यता सूची
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह योग्यता सूची प्रकाशन की तिथि से 18 माह तक अथवा नई योग्यता सूची जारी होने तक प्रभावी रहेगी।
बताया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों की नई पदस्थापना (Posting) के आदेश जल्द ही अलग से जारी किए जाएंगे।
मुख्य बातें
- 61 सब इंस्पेक्टर इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत
- 2013 बैच के अधिकारियों को मिला प्रमोशन
- DGP अरुण देव गौतम ने जारी किया आदेश
- पोस्टिंग आदेश बाद में होंगे जारी
- 18 माह तक प्रभावी रहेगी योग्यता सूची
- विभागीय जांच या आपराधिक प्रकरण होने पर पदोन्नति हो सकती है निरस्त


