विश्वास का फायदा उठाकर की चोरी: वृद्ध महिला की केयरटेकर और उसका प्रेमी गिरफ्तार, नगदी व मोबाइल बरामद

 विश्वास का फायदा उठाकर की चोरी: वृद्ध महिला की केयरटेकर और उसका प्रेमी गिरफ्तार, नगदी व मोबाइल बरामद

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में एक घरेलू केयरटेकर द्वारा अपने मालिक के घर में विश्वास का दुरुपयोग कर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केयरटेकर और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी सहित कुल 43,500 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखरेख के लिए ममता चौहान को पिछले लगभग दो वर्षों से केयरटेकर के रूप में रखा गया था। 26 और 27 जून 2026 को परिवार में विवाह समारोह होने के कारण सभी सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी महिला ने घर की अलमारी में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया और बिना किसी सूचना के घर छोड़कर चली गई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 933/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी महिला का पता लगाया। पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर आरोपी ममता चौहान को उसके प्रेमी शीतल वर्मा के साथ हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा ने पैसों की आवश्यकता बताते हुए उसे चोरी के लिए उकसाया था। उसके कहने पर उसने घर की अलमारी से नगदी चोरी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 23,500 रुपये नगद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जप्त संपत्ति का कुल मूल्य 43,500 रुपये बताया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

प्रेमी के कहने पर की चोरी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपने प्रेमी की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लंबे समय से परिवार के भरोसे पर घर में कार्यरत होने के कारण उसे घर की व्यवस्थाओं और अलमारी में रखी नगदी की जानकारी थी, जिसका उसने गलत फायदा उठाया।

गिरफ्तार आरोपी

  • ममता चौहान (27 वर्ष), निवासी पिथौरा, जिला महासमुंद
  • शीतल वर्मा (27 वर्ष), निवासी सारागांव, जिला रायपुर

बरामद सामग्री

  • नगदी राशि – ₹23,500
  • दो मोबाइल फोन

कुल जप्ती मूल्य – ₹43,500

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

मामले के त्वरित खुलासे में प्रधान आरक्षक मो. अहफाज खान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र कुशवाहा, आरक्षक गोविन्द साहू, आरक्षक हर्षित शुक्ला, महिला आरक्षक जयश्री एवं महिला आरक्षक मीरा वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों, नौकर-नौकरानियों एवं केयरटेकर को नियुक्त करने से पहले उनका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।