कुम्हारी नगर पालिका में 5 एल्डरमैन नियुक्त, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
कुम्हारी। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के नगरीय निकायों में मनोनीत पार्षद (एल्डरमैन) की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिया है। जारी सूची के अनुसार नगर पालिका परिषद कुम्हारी में पांच एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। लंबे इंतजार के बाद हुई इन नियुक्तियों से स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुम्हारी नगर पालिका के लिए निम्नलिखित व्यक्तियों को एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) बनाया गया है—
- मनहरण साहू
- गोल्डी गोस्वामी
- श्रीमती सुनीता कुर्रे
- अवधेश शुक्ला
- प्रणव श्रीवास्तव
ये नियुक्तियां आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी। मनोनीत पार्षद नगर पालिका की बैठकों में भाग लेकर विभिन्न विकास कार्यों, समितियों और जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
एल्डरमैनों की नियुक्ति के बाद समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी देकर सरकार ने संगठन और स्थानीय निकाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया है।
राज्य सरकार ने इसी आदेश के तहत नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की है, जिससे प्रदेशभर के नगरीय निकायों में लंबे समय से लंबित प्रक्रिया पूरी हो गई है।

