सुशासन तिहार का अंतिम शिविर सोमनी में संपन्न, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा व महापौर निर्मल कोसरे रहे मौजूद

 सुशासन तिहार का अंतिम शिविर सोमनी में संपन्न, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा व महापौर निर्मल कोसरे रहे मौजूद

200 से अधिक आवेदन प्राप्त, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर दिया गया जोर

भिलाई-चरौदा/ छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा जिला प्रशासन दुर्ग के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत अंतिम समाधान शिविर का आयोजन सोमनी सामुदायिक भवन में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

निगम क्षेत्र में आयोजित चार चरणों वाले सुशासन शिविरों की श्रृंखला के तहत यह अंतिम शिविर था। इससे पूर्व पहला शिविर उमदा वार्ड क्रमांक-06 स्थित सामुदायिक भवन में, दूसरा शिविर मंगल भवन भिलाई-3 में तथा तीसरा शिविर सामुदायिक भवन चरौदा में आयोजित किया गया था। अंतिम शिविर में निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 30 से 40 तक के नागरिकों ने सहभागिता की।

शिविर में क्षेत्रीय विधायक राजमंहत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं सेवा काउंटरों का निरीक्षण किया तथा आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु सभी विभागों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम भिलाई-चरौदा के महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। महापौर ने भीषण गर्मी के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

शिविर में पद्मश्री सम्मानित छत्तीसगढ़ की लोक गायिका उषा बारले की विशेष उपस्थिति भी रही। उन्होंने अपने मधुर लोकगीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग घोले।

कार्यक्रम में निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत, कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम वर्मा, पार्षद तुषांत वर्मा सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निगम जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार समाचार लिखे जाने तक सोमनी में आयोजित अंतिम सुशासन शिविर में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके थे। इनमें विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याएं, मूलभूत सुविधाओं की मांग तथा नागरिक सेवाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे।


मुख्य बिंदु

  • सोमनी में आयोजित हुआ सुशासन तिहार का अंतिम शिविर।
  • विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा एवं महापौर निर्मल कोसरे ने किया निरीक्षण।
  • 200 से अधिक आवेदन प्राप्त।
  • अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश।
  • पद्मश्री लोक गायिका उषा बारले की विशेष उपस्थिति।
  • निगम क्षेत्र में चार चरणों में संपन्न हुआ सुशासन तिहार अभियान।