धमतरी में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन कांटाकुर्रीडीह में 160 लीटर महुआ शराब जब्त, 1200 किलो लाहन नष्ट, एक गिरफ्तार
डोमन साहू | धमतरी|
धमतरी-नगरी ब्लॉक के ग्राम कांटाकुर्रीडीह में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी निरुपमा लोन्हारे के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने दबिश देकर कुल 160 लीटर महुआ शराब जब्त की और मौके पर ही 1200 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
कैसे हुई कार्रवाई?
आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु के नेतृत्व में गठित टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कांटाकुर्रीडीह में बसन्तु कमार पिता झुकू राम कमार के घर बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना पुख्ता होने पर टीम ने सुनियोजित तरीके से आरोपी के निवास पर दबिश दी।
क्या-क्या मिला मौके पर?
कार्रवाई के दौरान टीम ने पहले आरोपी से 400 ml महुआ शराब खरीदकर सबूत जुटाया। इसके बाद घर की तलाशी में लगभग 60.40 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी बसन्तु कमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) और 59-क के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
दूसरा मामला भी पकड़ा
इसी दौरान एक अन्य प्रकरण में टीम ने 100 लीटर महुआ शराब जब्त की और मौके पर ही लगभग 1200 किलोग्राम महुआ लाहन को नष्ट कर दिया। लाहन नष्ट करने से हजारों लीटर अवैध शराब बनने से रोकी जा सकी है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु, पुरुषोत्तम सिन्हा, आशीष ध्रुव, विवेक कुमार दीवान, अजय राज कश्यप, मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, आरक्षक अरविंद नेताम, श्रुति साहू, भूषण लाल, राजेश कुमार, कौशल कुमार नेताम, उमालक्ष्मी नेताम, मेघा सिन्हा, सोमी पालेश्वर, राजकिशोर कुर्रे, नीरज कुमार, नगर सैनिक जितेंद्र कोरे और ज्ञानिक ध्रुव का सराहनीय योगदान रहा।

