शहीद एएसपी आकाश राव गिरेपुजे की पत्नी स्नेहा को मिली नई जिम्मेदारी, पुलिस अकादमी में बनीं डीएसपी
रायपुर/ नक्सली हमले में शहीद हुए बहादुर अधिकारी एएसपी आकाश राव गिरेपुजे की पत्नी स्नेहा गिरेपुजे को अब राज्य सरकार ने अनुकंपा नियुक्ति के तहत सम्मानजनक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पुलिस अकादमी, चंद्रखुरी में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर पदस्थ किया गया है। यह नियुक्ति दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर की गई है।
राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्नेहा गिरेपुजे को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि में पुलिस अकादमी द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक प्रशिक्षण पूरा करना होगा।
प्रशिक्षण के बाद आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य रहेगा, और इसी परीक्षा में प्राप्त अंकों को वरिष्ठता निर्धारण में भी शामिल किया जाएगा।
प्रशिक्षण और परीक्षा में सफलता होगी अनिवार्य
आदेश के अनुसार, यदि परिवीक्षा अवधि के दौरान स्नेहा गिरेपुजे प्रशिक्षण या परीक्षा में असफल रहती हैं, तो उनकी सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं।
इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नियुक्त अधिकारी अपने कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति पूर्ण दक्षता और अनुशासन के साथ कार्य कर सकें।
चरित्र एवं स्वास्थ्य प्रमाण पत्र की अनिवार्यता
सरकार ने नियुक्ति आदेश में यह भी कहा है कि स्नेहा गिरेपुजे को एक माह के भीतर चरित्र सत्यापन एवं चिकित्सीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
यदि किसी भी रिपोर्ट में विपरीत तथ्य सामने आते हैं, तो नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त हो जाएगा।
शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि के रूप में सम्मान
यह नियुक्ति न केवल स्नेहा गिरेपुजे के लिए नई शुरुआत है, बल्कि यह राज्य सरकार की ओर से शहीद अधिकारी के प्रति श्रद्धांजलि भी है।
आकाश राव गिरेपुजे ने सुकमा जिले में नक्सल मोर्चे पर डटे रहते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। अब उनकी पत्नी उसी विरासत को आगे बढ़ाने जा रही हैं।

