भिलाई। साइबर ठग अब लोगों की जमा पूंजी और बीमा की रकम को निशाना बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला भिलाई में सामने आया है, जहां बीमा पॉलिसी की राशि मुनाफे के साथ वापस दिलाने का भरोसा देकर ठगों ने रिसाली नगर निगम के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 5 लाख 23 हजार 391 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपितों ने पॉलिसी सरेंडर और भुगतान की प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग शुल्क बताकर पीड़ित से पांच बार में रकम जमा कराई। शिकायत पर सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Table Of Content
वरिष्ठ नागरिक योजना बताकर कराया था 14 लाख रुपये का बीमा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्ग के पुष्पक नगर निवासी भूपति कुमार सिंह ने अक्टूबर 2023 से सितंबर 2026 के बीच भागीरथी प्रसाद वर्मा और राधिका सिंह के माध्यम से विभिन्न बीमा कंपनियों में करीब 14 लाख रुपये की पॉलिसियां ली थीं। उन्हें इन पॉलिसियों को वरिष्ठ नागरिक योजना बताते हुए भरोसा दिलाया गया था कि एक बार प्रीमियम जमा करने के बाद निर्धारित समय पर पूरी रकम लाभ सहित वापस मिल जाएगी।
हालांकि, बाद में प्रीमियम का भुगतान नहीं हो पाने के कारण उनकी बीमा पॉलिसियां लैप्स हो गईं। इसी स्थिति का फायदा उठाकर ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।
पॉलिसी सरेंडर कराने के बहाने शुरू हुआ ठगी का खेल
बताया गया है कि 31 मार्च 2026 को रंजीत शर्मा नामक व्यक्ति ने भूपति कुमार सिंह से फोन पर संपर्क किया। उसने बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का दावा करते हुए सरेंडर फॉर्म भरवाया और जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
इसके अगले दिन आरपी गुप्ता नामक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि पॉलिसी की राशि जारी कराने के लिए चार प्रतिशत चालान शुल्क जमा करना होगा। उसने व्हाट्सएप के माध्यम से डीटी की प्रति भी भेजी, ताकि पूरी प्रक्रिया वास्तविक प्रतीत हो और पीड़ित को किसी तरह का संदेह न हो।
पांच अलग-अलग खातों में जमा कराए 5.23 लाख रुपये
आरोपितों ने भुगतान जारी करने के नाम पर कभी चालान शुल्क तो कभी अन्य औपचारिकताओं का हवाला दिया। उनके झांसे में आकर भूपति कुमार सिंह ने पांच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5,23,391 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कई बार रकम जमा कराने के बावजूद जब बीमा पॉलिसी का भुगतान उनके खाते में नहीं पहुंचा, तब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
सुपेला पुलिस ने दर्ज किया केस, खाताधारकों की भूमिका की जांच
पीड़ित की शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने रंजीत शर्मा, आरपी गुप्ता सहित संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों तथा आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।
सावधान रहें, भुगतान से पहले करें सत्यापन
यह मामला एक बार फिर बताता है कि बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने, बोनस दिलाने या पॉलिसी सरेंडर कराने के नाम पर फोन करने वाले अनजान लोगों पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। किसी भी भुगतान प्रक्रिया के लिए अनजान बैंक खातों में पैसे जमा न करें और संबंधित बीमा कंपनी के आधिकारिक कार्यालय या ग्राहक सेवा केंद्र से जानकारी की पुष्टि जरूर करें।





