रायपुर। राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खमतराई थाना क्षेत्र के शिवानंद नगर स्थित अंजनी विहार कॉलोनी में हुई इस चोरी की वारदात का खुलासा CCTV फुटेज और पुलिस की जांच के आधार पर हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन ताम्रकार (20) के रूप में हुई है, जो गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का करीब 10 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
Table Of Content
परिवार के बाहर जाते ही मकान में की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अंजनी विहार कॉलोनी निवासी शिव निर्मलकर 8 नवंबर को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ अपने गृहग्राम गए हुए थे। इसी दौरान चोर ने घर को निशाना बनाया। 12 नवंबर को जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के साथ उसका लॉकर भी तोड़ा गया था।
जांच करने पर घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद पीड़ित ने खमतराई थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से मिला आरोपी का सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं में पहले से संलिप्त रहे संदिग्धों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को रोहन ताम्रकार के घटना के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई देने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में कबूली चोरी, लाखों का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आरोपी पूछताछ के दौरान लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा। हालांकि, उसके खिलाफ मिले साक्ष्यों के आधार पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल और अन्य सामान सहित लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
गिरफ्तार रोहन ताम्रकार की उम्र महज 20 वर्ष है, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।





