भिलाई-चरोदा निगम में ऑनलाइन आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर, समय-सीमा की बैठक में शिकायतों की हुई समीक्षा
भिलाई-3। नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा में आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शुक्रवार को समय-सीमा की बैठक आयोजित की जा रही है। इस पहल के तहत जनदर्शन, पीजीएन पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार, 13 नवम्बर को निगम कार्यालय में तीसरी समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न ऑनलाइन आवेदनों और शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त एक शिकायत पर निगम आयुक्त एसके सुंदरानी ने खाद्य विभाग के प्रभारी से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्वयं आवेदिका श्रीमती अमीन बंधे से उनके मोबाइल पर संपर्क कर सीधे बातचीत की और उनकी समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कमिश्नर एस के सुंदरानी ने आवेदिका को प्रकरण के नियमानुसार निराकरण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करना निगम की प्राथमिकता है।
निगम प्रशासन की इस पहल से ऑनलाइन माध्यमों से शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी सीधे मिल सकेगी।





