बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांजा तस्करी के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश इस हत्या की मुख्य वजह थी। अक्टूबर में अपने बेटे की हत्या से नाराज पिता ने प्रतिशोध लेने के लिए युवक की हत्या की सुपारी दी थी। आरोपियों ने युवक को काम दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और सुनसान जंगल में ले जाकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी।
Table Of Content
- जंगल में निर्वस्त्र मिला था युवक का शव
- बेटे की हत्या का बदला लेने रची गई खूनी साजिश
- काम दिलाने का झांसा देकर युवक को ले गए जंगल
- पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाई अलग-अलग रास्तों की रणनीति
- 1000 CCTV कैमरे और AI तकनीक बनी जांच की बड़ी कड़ी
- रायपुर से दुर्ग तक फैले नेटवर्क पर पुलिस की दबिश
- गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- चाकू, दो कार और स्कूटी जब्त
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों और उनके रूट का विश्लेषण करने में AI तकनीक की भी मदद ली गई। डिजिटल साक्ष्यों और अंतरजिला पुलिस समन्वय के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
जंगल में निर्वस्त्र मिला था युवक का शव
मामला 31 अक्टूबर 2026 का है। थाना राजादेवरी अंतर्गत पुलिस चौकी बया क्षेत्र के ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच सुनसान वन मार्ग पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। करीब 20 से 25 वर्ष के युवक का शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा था। उसके सीने और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे। मृतक के सीने पर अंग्रेजी में ‘KP’ और हाथों पर टैटू बने हुए थे।
प्रथम दृष्टया हत्या का मामला सामने आने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(क), 61(2), 249 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल) कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
बेटे की हत्या का बदला लेने रची गई खूनी साजिश
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे गांजे के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी दुश्मनी का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, मृतक करन डोंगरे उर्फ KP और आरोपी पक्ष के बीच मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी बीच अक्टूबर महीने में अमरजीत सिंह सोनी के बेटे शिवा की हत्या हो गई थी। पुलिस जांच के अनुसार, बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए अमरजीत सिंह सोनी (47) ने करन डोंगरे को निशाना बनाया और अन्य आरोपियों को सुपारी देकर हत्या की साजिश रची।
काम दिलाने का झांसा देकर युवक को ले गए जंगल
हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले से परिचित व्यक्ति के जरिए मृतक से संपर्क किया। उसे महासमुंद क्षेत्र में काम दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से करन डोंगरे को संबलपुर क्षेत्र से KIA कार में बैठाकर रवाना किया गया।
वहीं, दूसरी वैगनआर कार में सवार आरोपी लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए आगे-पीछे चल रहे थे। दोनों वाहन पटेवा क्षेत्र में मिले। इसके बाद मृतक को बया चौकी क्षेत्र के सुनसान वनांचल में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद मृतक की पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसके कपड़े उतारकर शव को जंगल में फेंक दिया गया।
पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाई अलग-अलग रास्तों की रणनीति
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस की जांच को भटकाने के लिए सुनियोजित तरीके से अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल किया। वैगनआर कार को रायपुर और नया रायपुर के अंदरूनी मार्गों पर घुमाया गया, जबकि KIA कार पटेवा से नेशनल हाईवे के रास्ते संबलपुर की ओर निकल गई।
पुलिस ने दोनों वाहनों की आवाजाही, समय और उनके बीच आपसी संपर्क की कड़ियों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम का पता लगाया।
1000 CCTV कैमरे और AI तकनीक बनी जांच की बड़ी कड़ी
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने पारंपरिक जांच के साथ आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया। घटनास्थल से लेकर पटेवा, नया रायपुर, सरायपाली और रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे सहित विभिन्न टोल प्लाजा पर लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की गई।
AI टूल्स की सहायता से संदिग्ध वाहनों की आवाजाही, समय और मूवमेंट पैटर्न का मिलान किया गया। इस तकनीकी विश्लेषण से वारदात में इस्तेमाल KIA और वैगनआर कार की पहचान करने में मदद मिली। घटनास्थल पर मिले टायरों के निशानों ने भी दो अलग-अलग चारपहिया वाहनों की मौजूदगी की पुष्टि की।
डिजिटल साक्ष्यों और अंतरजिला पुलिस समन्वय के आधार पर मृतक की पहचान करन डोंगरे उर्फ KP (20 वर्ष) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
रायपुर से दुर्ग तक फैले नेटवर्क पर पुलिस की दबिश
जांच के दौरान KIA कार की आवाजाही के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ में अन्य आरोपियों के दुर्ग शहर के एक इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली।
इसके बाद दुर्ग पुलिस के सहयोग से बलौदाबाजार पुलिस की टीम ने संबंधित ठिकाने पर दबिश दी और घेराबंदी कर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने पूरे हत्याकांड में शामिल पांच वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
- मोहम्मद अनस असरफी (22 वर्ष), निवासी मोवा ईदगाह के सामने, थाना पंडरी, जिला रायपुर।
- सैय्यद अल्ताफ अली उर्फ फरजान (24 वर्ष), निवासी ईदगाह तालाब किनारे, मोवा, थाना पंडरी, जिला रायपुर।
- राज यादव उर्फ सांई (18 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 16, कर्मचारी नगर, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
- राहुल दास मानिकपुरी (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 58, उरला बॉम्बे आवास, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
- अमरजीत सिंह सोनी (47 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 58, उरला बॉम्बे आवास, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
इसके अलावा मामले में संलिप्त दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
चाकू, दो कार और स्कूटी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू, वैगनआर कार क्रमांक CG 07 CE 3638, KIA कार क्रमांक CG 04 QB 5060 और एक स्कूटी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में हत्या और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस की इस कार्रवाई में आधुनिक तकनीक, CCTV फुटेज और विभिन्न जिलों के बीच समन्वय अहम साबित हुआ। 1000 से अधिक कैमरों की निगरानी और AI आधारित विश्लेषण के जरिए पुलिस ने उस हत्याकांड का खुलासा किया, जिसमें शुरुआत में मृतक की पहचान तक नहीं हो पाई थी।





