राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कराया गया सुधार कार्यों का अवलोकन, लंबित आपत्तियों का तीन दिन में निराकरण करने के निर्देश
Table Of Content
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन तथा त्रुटियों के सुधार के लिए प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम प्रशासन ने अब तक पांचों जोनों में कुल 13,933 मतदाताओं की प्रविष्टियों में सुधार किया है।
इस संबंध में निगम सभागार में निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, अपर कलेक्टर लिली थॉमस, खेमलाल वर्मा एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी सोनल डेविड की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों, परिशिष्ट-15 तथा अब तक किए गए संशोधनों की जानकारी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को दी गई। उन्हें सुधार कार्यों का अवलोकन भी कराया गया।
पांचों जोनों में 13,933 मतदाताओं की प्रविष्टियों में सुधार
निगम क्षेत्र के सभी पांच जोनों में मतदाता सूची की जांच एवं संशोधन का कार्य जोन आयुक्त सहायक निर्वाचन अधिकारियों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किया गया है। अब तक किए गए सुधार का जोनवार विवरण इस प्रकार है।
- जोन क्रमांक-1 नेहरू नगर: 4,487 मतदाता
- जोन क्रमांक-2 वैशाली नगर: 4,117 मतदाता
- जोन क्रमांक-3 मदर टेरेसा नगर: 2,085 मतदाता
- जोन क्रमांक-4 शिवाजी नगर: 2,595 मतदाता
- जोन क्रमांक-5: 649 मतदाता
इस प्रकार पांचों जोनों में कुल 13,933 मतदाताओं की प्रविष्टियों में आवश्यक सुधार किया गया है।
राजनीतिक दलों को कराया गया अवलोकन, शेष आपत्तियों पर चर्चा
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को किए गए सुधार कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। प्रतिनिधियों ने सुधार संबंधी जानकारी का अवलोकन किया और कार्यों पर संतुष्टि व्यक्त की। वहीं, कुछ लंबित आपत्तियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को इनका निराकरण आगामी तीन दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए गए।
6 नवंबर तक पूरा होगा दावा-आपत्तियों का निराकरण
निगम प्रशासन के अनुसार प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों एवं परिशिष्ट-15 के प्रपत्रों का संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा परीक्षण किया जा रहा है। नियमानुसार आवश्यक संशोधन करते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। 3 नवंबर तक प्राप्त एवं बकाया दावा-आपत्तियों का सुधार कार्य 6 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन एवं निगम प्रशासन द्वारा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए पुनरीक्षण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





