एसएसपी विजय अग्रवाल ने ली क्राइम मीटिंग, जुआ-सट्टा, साइबर फ्रॉड और संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
भिलाई। आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 2 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग लेकर अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों, विवेचना की गुणवत्ता और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में एसएसपी ने आगामी नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील मतदान केंद्रों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़ बनाए रखने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी एवं क्षेत्र भ्रमण पर जोर दिया।
चोरी, जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों पर होगी सख्ती
क्राइम मीटिंग में गृहभेदन, चोरी, धोखाधड़ी, जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। अपराध संभावित स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने तथा रात्रिकालीन पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने को कहा गया। गंभीर एवं संगठित अपराधों का राजपत्रित अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
मारपीट के मामलों में काउंटर अपराध दर्ज होने पर निष्पक्ष जांच और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। दुर्घटना एवं अन्य गंभीर अपराधों में भी तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों और वारंटों के निराकरण पर जोर
एसएसपी ने 60, 90 एवं 140 दिनों से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने, न्यायालयीन मामलों में न्यायश्रुति ऐप के माध्यम से नियमानुसार पेशी कराने और चालान में संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करने को कहा गया। रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान अभिरक्षा में रखे गए कैदियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
साइबर फ्रॉड और महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान NCRP पोर्टल पर वर्ष 2025 से लंबित शिकायतों तथा जुलाई 2026 तक प्राप्त लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया गया। साइबर हेल्पलाइन एवं साइबर टिपलाइन से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में आवश्यकतानुसार ठगी की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।
महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों के आधार पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई तथा जहां जरूरी हो वहां एफआईआर दर्ज करने को कहा गया।
पटाखा दुकानों और फैक्ट्रियों का होगा नियमित निरीक्षण
अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जुआ-सट्टा के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पटाखा फैक्ट्रियों एवं स्थायी लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने, अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
थाना प्रभारियों की जवाबदेही होगी तय
बैठक में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए राजपत्रित अधिकारियों को थाना प्रभारियों एवं पुलिस उप निरीक्षकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। थाना स्तर पर लंबित शिकायतों, मर्ग, अपराध एवं अन्य मामलों की समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस इकाइयों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने तथा डायल-112 सेवा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाना चाहिए। पुलिस अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण कर जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया।
नागरिकों से दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों, अवैध जुआ-सट्टा, साइबर धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से नागरिकों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।





