दुर्ग: पटरीपार के वार्ड 17 और 20 की सड़कें होंगी चकाचक, महापौर अलका बाघमार ने 19.53 लाख के डामरीकरण कार्यों का किया भूमिपूजन

 दुर्ग: पटरीपार के वार्ड 17 और 20 की सड़कें होंगी चकाचक, महापौर अलका बाघमार ने 19.53 लाख के डामरीकरण कार्यों का किया भूमिपूजन

जर्जर सड़कों से मिलेगी राहत, बेहतर होगा आवागमन; वार्ड 17 में 9.58 लाख और वार्ड 20 में 9.95 लाख रुपये से होंगे निर्माण कार्य

दुर्ग, 22 अक्टूबर। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में सड़क अधोसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पटरीपार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 और 20 में जर्जर सड़कों से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए कुल 19.53 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन महापौर अलका बाघमार ने किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से खराब सड़कों के कारण हो रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

वार्ड 17 और 20 में इन सड़कों का होगा डामरीकरण

नगर निगम के अनुसार, वार्ड क्रमांक 17 में राजू पेटर के घर से भास्कर तिवारी के घर तक बीटी रिन्यूवल (डामरीकरण) कार्य कराया जाएगा। इस कार्य के लिए 9.58 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

वहीं, वार्ड क्रमांक 20 में आदित्य नगर चौक से शिव मंदिर होते हुए आंगनबाड़ी की ओर जाने वाली सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर 9.95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। महापौर अलका बाघमार ने विधिवत भूमिपूजन कर दोनों विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

शहर के कोने-कोने तक पहुंचेगा विकास: महापौर

इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड तक विकास कार्य पहुंचाना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। पटरीपार क्षेत्र के वार्ड 17 और 20 में सड़कों की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने कहा कि डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की स्थिति में सुधार होगा और लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम यातायात और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने जर्जर सड़कों की समस्या के समाधान की दिशा में पहल करने के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कें बेहतर होंगी और दैनिक आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।

ये रहे मौजूद

भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, सुरूचि उमरे, सावित्री दमाहे, विद्यावती सिंह, एल्डरमेन तेखन सिन्हा, पटरीपार मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, भाजपा प्रवक्ता अरुण सिंह, जितेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।