समाजसेवी स्व. दलवीर सिंह ‘बीरा सेठ’ की 7वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि
नेहरू नगर गुरुद्वारा नानकसर में इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने साथियों व परिजनों के साथ की अरदास, पिता के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
भिलाई। समाजसेवी एवं हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के संस्थापक स्वर्गीय दलवीर सिंह ‘बीरा सेठ’ की 7वीं पुण्यतिथि पर परिवारजनों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके समाजसेवा के योगदान को याद किया।
स्व. दलवीर सिंह को पूरा छत्तीसगढ़ प्यार और सम्मान से ‘बीरा सेठ’ के नाम से जानता था। समाजसेवा, सहयोग और जरूरतमंदों की मदद के लिए उनकी पहचान इतनी व्यापक थी कि आज भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें उनके वास्तविक नाम से अधिक ‘बीरा सेठ’ के नाम से ही याद करते हैं।
गुरुद्वारा नानकसर में हुई अरदास
पुण्यतिथि के अवसर पर उनके सुपुत्र इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने अपने साथियों एवं परिवार के सदस्यों के साथ नेहरू नगर स्थित गुरुद्वारा नानकसर पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान ज्ञानी परवीन सिंह द्वारा स्व. दलवीर सिंह की आत्मा की शांति एवं परिवार के लिए अरदास की गई। इसके बाद इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ सहित उपस्थित लोगों ने स्व. दलवीर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
‘पिता के दिखाए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनके पिता ने हमेशा समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी। उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना ही उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद लोगों की मदद की, उसी तरह वे भी लोगों की हरसंभव सहायता करने का प्रयास करते रहेंगे। पिता के सेवा और सहयोग के संस्कारों को आगे बढ़ाना ही उनके लिए स्व. दलवीर सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
राजनीतिक सीमाओं से परे थी ‘बीरा सेठ’ की लोकप्रियता
स्व. दलवीर सिंह ‘बीरा सेठ’ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके निधन के बाद भी उनकी पुण्यतिथि पर विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। कांग्रेस और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने समय-समय पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं।
समाजसेवा के क्षेत्र में स्व. दलवीर सिंह द्वारा बनाई गई अपनी अलग पहचान आज भी लोगों के बीच कायम है। उनके सहयोग, सरल व्यवहार और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता को लोग आज भी याद करते हैं।
उनकी 7वीं पुण्यतिथि पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके बताए सेवा और सहयोग के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



