धमतरी: हाथ भट्टी कच्ची शराब पर आबकारी का शिकंजा, 20 लीटर जब्त, आरोपी जेल
डोमन साहू की रिपोर्ट
धमतरी– अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मेचका थाना क्षेत्र के ग्राम अरसीकन्हार में दबिश देकर 20.200 बल्क लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की है। यह शराब उड़ीसा से लाई गई थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उड़नदस्ता टीम ने घर में दी दबिश
जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन एवं आबकारी जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी पुरुषोत्तम सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को ग्राम अरसीकन्हार में अवैध शराब रखे जाने की गोपनीय सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी सुरेंद्र कुमार कावड़े, पिता बुद्धूराम कावड़े के निवास पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके घर से कुल 20.200 बल्क लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी एक्ट में केस दर्ज, आरोपी जेल
मामले में आरोपी सुरेंद्र कुमार कावड़े के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा *34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क)* के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक मुरलीधर सोनी, आबकारी आरक्षक प्रशांत कुमार यादव, भूषण वर्मा, अरविन्द नेताम, नीरज चंद्राकर एवं महिला आरक्षक सोमी पालेश्वर का सक्रिय एवं सराहनीय योगदान रहा।
आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।



