भिलाई में विकास कार्यों को मिली रफ्तार: महापौर परिषद ने सड़क, फूड जोन, सफाई और सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर लगाई मुहर

314.15 लाख की लागत से नेहरू नगर में रेलवे लाइन के समानांतर बनेगी सड़क, अंडरब्रिज का नामकरण स्वर्गीय वशिष्ठ नारायण मिश्रा के नाम पर करने का प्रस्ताव सामान्य सभा को भेजा गया

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरुचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं, निगम की संपत्तियों की सुरक्षा और नागरिकों के आवागमन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के बाद महापौर परिषद ने विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट होगा मजबूत

शहर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 15 हापर टिप्पर क्रय किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। महापौर परिषद ने इस मामले में पुनः निविदा आमंत्रित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। इससे कचरा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निगम को मदद मिलने की उम्मीद है।

मांगलिक भवन संचालन के लिए किराये पर देने की तैयारी

जोन क्रमांक-03 के संतोषी पारा स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन को संचालन, प्रबंधन एवं संधारण के लिए 10 माह की अवधि हेतु किराये पर दिए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए नियम एवं शर्तों का अनुमोदन करते हुए निविदा आमंत्रित करने की अनुमति प्रदान की गई है।

पंडालों को लेकर शुल्क व्यवस्था पर फैसला

बैठक में निगम क्षेत्र के सार्वजनिक खुले मैदान, फुटपाथ, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पंडाल अथवा अस्थायी संरचना निर्माण की अनुमति से संबंधित शासन के निर्देशों पर भी चर्चा हुई।

निर्णय के अनुसार 5000 वर्गफीट तक के पंडालों को अनुमति शुल्क से छूट रहेगी। हालांकि, ऐसे पंडालों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने पर शुल्क लिया जाएगा। वहीं 5000 वर्गफीट से अधिक क्षेत्रफल वाले पंडालों पर 3.50 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से अनुमति शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा 2000 रुपये सफाई शुल्क निर्धारित किया गया है। सुरक्षा निधि भी ली जाएगी, जो नियमानुसार रिफंडेबल होगी।

महापौर परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि पंडालों के कारण सड़क यातायात और आम नागरिकों के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए।

चंद्रा-मौर्या के सामने फूड जोन के संचालन की तैयारी

चंद्रा-मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजेनिक फूड जोन के संचालन, अनुरक्षण एवं राजस्व साझेदारी के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। निगम का उद्देश्य फूड जोन का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।

स्वर्गीय वशिष्ठ नारायण मिश्रा के नाम पर होगा अंडरब्रिज?

महापौर परिषद ने स्वर्गीय वरिष्ठ पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा की स्मृति में चंद्रा-मौर्या टॉकीज अंडरब्रिज का नामकरण उनके नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। प्रस्ताव को अब अंतिम निर्णय के लिए सामान्य सभा को भेजा गया है।

314.15 लाख की लागत से बनेगी सड़क

नेहरू नगर क्षेत्र में भिलाई नगर रेलवे स्टेशन से नेहरू नगर अंडरब्रिज तक रेलवे लाइन के समानांतर सड़क निर्माण एवं विद्युतीकरण का महत्वपूर्ण कार्य कराया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 314.15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

सड़क निर्माण और विद्युतीकरण से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ स्थानीय नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

निगम संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति

निगम की संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की सुरक्षा गार्ड निविदा में प्राप्त न्यूनतम दर को स्वीकार करने का निर्णय लिया गया। संबंधित एजेंसी को अनुबंध एवं कार्यादेश जारी करने की अनुमति भी प्रदान की गई।

बैठक में राजस्व अधिकारी की सेवावृद्धि से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

ये रहे मौजूद

बैठक में लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, आदित्य सिंह, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, लाल चंद वर्मा, केशव चौबे, मन्नान गफ्फार खान, चंद्रशेखर गंवई, नेहा साहू, अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, उपायुक्त सह जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त येशा लहरे, कुलदीप गुप्ता, अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, अरविंद शर्मा, नितेश मेश्राम, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, अशोक देवांगन एवं विनय शर्मा सहित निगम के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।