भिलाई-3 में एडीजे और परिवार न्यायालय शुरू होने पर अधिवक्ता संघ ने मुख्य न्यायाधीश का जताया आभार

 भिलाई-3 में एडीजे और परिवार न्यायालय शुरू होने पर अधिवक्ता संघ ने मुख्य न्यायाधीश का जताया आभार

न्यायिक सुविधाओं का हुआ विस्तार, क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर मिलेगा न्याय का लाभ

भिलाई-3। भिलाई-3 में जिला एवं अपर सत्र न्यायालय (एडीजे कोर्ट) तथा परिवार न्यायालय के शुभारंभ के बाद अधिवक्ता संघ पुरानी भिलाई-3 ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया है। दोनों न्यायालयों के शुरू होने से भिलाई-3 और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध होने का रास्ता साफ हुआ है।

दोनों न्यायालयों का शुभारंभ सोमवार को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।

न्यायालयों की स्थापना के लिए आभार व्यक्त करने अधिवक्ता संघ पुरानी भिलाई-3 का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बिलासपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ, श्रीफल, शाल एवं छत्तीसगढ़ महतारी के प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया। संघ के पदाधिकारियों ने भिलाई-3 में एडीजे कोर्ट एवं परिवार न्यायालय प्रारंभ किए जाने पर मुख्य न्यायाधीश के प्रति कृतज्ञता एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी से भी मुलाकात की और भिलाई-3 में दोनों न्यायालयों की स्थापना के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

स्थानीय स्तर पर मिलेगी न्यायिक सुविधा

अधिवक्ता संघ ने कहा कि भिलाई-3 में एडीजे कोर्ट और परिवार न्यायालय शुरू होने से क्षेत्र की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अब स्थानीय नागरिकों को कई न्यायिक मामलों के लिए दूर स्थित न्यायालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ ही आम नागरिकों को न्यायिक प्रक्रिया तक आसान पहुंच मिल सकेगी।

अधिवक्ता संघ ने इसे भिलाई-3 क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में न्यायालयों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। दोनों न्यायालयों की शुरुआत से न केवल अधिवक्ताओं बल्कि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश शुक्ला, अधिवक्ता संघ पुरानी भिलाई-3 के अध्यक्ष नेतराम देवांगन, अधिवक्ता राजेश सिंह एवं राजेंद्र सिंह भल्ला सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।