“भगवान मेरा साथ नहीं दे रहे थे…”, इसी सोच में मंदिर की प्रतिमाएं तोड़ डालीं; गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 “भगवान मेरा साथ नहीं दे रहे थे…”, इसी सोच में मंदिर की प्रतिमाएं तोड़ डालीं; गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी को दबोचा

गुढ़ियारी के शिव-हनुमान मंदिर में देर रात हुई थी तोड़फोड़, हनुमान प्रतिमा, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमा को पहुंचाया नुकसान; पुलिस ने छैनी-हथौड़ा किया बरामद

रायपुर। गुढ़ियारी के पड़ाव क्षेत्र स्थित शिव-हनुमान मंदिर में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंदिर परिसर में हनुमानजी की प्रतिमा, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए हेमंत अग्रवाल (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल छैनी और हथौड़ा भी बरामद किया गया है।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेरोजगारी को लेकर परेशान था। उसके मन में यह धारणा बन गई थी कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते उसने मंदिर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का कदम उठाया।

सुबह मंदिर पहुंचने पर सामने आया मामला

27 अगस्त की सुबह शिव-हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। हनुमानजी की प्रतिमा, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद गुढ़ियारी प्रखंड के अध्यक्ष प्रवीण लांजेवार ने गुढ़ियारी थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर परिसर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी दी गई।

सीसीटीवी कैमरों ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचाया

शिकायत मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। इसके अलावा पुलिस ने घटना से जुड़े संभावित लोगों से पूछताछ भी की।जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस एक संदिग्ध तक पहुंची। उसकी पहचान हेमंत अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई।

‘भगवान मेरा साथ नहीं दे रहे’—पूछताछ में सामने आई वजह

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मंदिर के आसपास ही रहता है। वह बेरोजगार था और रोजगार नहीं मिलने को लेकर परेशान रहता था। मंदिर के सामने से गुजरने के दौरान उसके मन में यह विचार आता था कि भगवान उसकी मदद नहीं कर रहे हैं और उसकी बेरोजगारी दूर नहीं हो रही है।

पुलिस का कहना है कि इसी सोच के कारण उसके मन में भगवान के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। आखिरकार उसने इसी गुस्से में मंदिर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का फैसला किया।

रात 3 बजे छैनी-हथौड़ा लेकर पहुंचा था मंदिर

जांच में पुलिस के सामने आया कि आरोपी 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे अपने घर से छैनी और हथौड़ा लेकर मंदिर परिसर पहुंचा था। सुनसान समय में उसने मंदिर में स्थापित हनुमानजी की प्रतिमा, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी औजार लेकर अपने घर वापस चला गया। पुलिस के अनुसार, उसने घटना में इस्तेमाल छैनी और हथौड़े को घर में छिपाकर रखा था, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो।

सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उसकी निशानदेही पर दोनों औजार बरामद कर लिए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता

मंदिर में तोड़फोड़ की जानकारी सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला।स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया। पुलिस की सक्रियता के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और किसी तरह की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गुढ़ियारी पुलिस ने मामले में आरोपी हेमंत अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से मंदिर में तोड़फोड़ के लिए इस्तेमाल किए गए छैनी और हथौड़े को जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।