खारुन ग्रीन्स से निकली भव्य कांवर यात्रा, बोल बम के जयकारों से गूंजा कुम्हारी
देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने पांच नदियों के पवित्र जल से किया भगवान शिव का जलाभिषेक
राकेश कुमार की रिपोर्ट | कुम्हारी
कुम्हारी। सावन मास की पावन भक्ति और आस्था के बीच खारुन ग्रीन्स स्थित कुबेरेश्वर धाम मंदिर से भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु कांवर लेकर पदयात्रा करते हुए देवबलोदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। पूरे यात्रा मार्ग में “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने पांच नदियों का पवित्र जल लेकर देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आए। यात्रा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही और उनके उत्साह ने पूरे आयोजन में भक्ति का रंग और गहरा कर दिया।
कांवर यात्रा की संयोजिका श्रीमती तृप्ति चंद्राकर ने बताया कि पिछले चार वर्षों से लगातार खारुन ग्रीन्स स्थित कुबेरेश्वर धाम मंदिर से कांवर यात्रा निकाली जा रही है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। कांवर यात्रा के बाद संध्या समय भोग-भंडारे का भी आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और शांति की कामना की। श्रद्धा, आस्था और भक्ति से सराबोर इस कांवर यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। पूरे आयोजन के दौरान माहौल “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय और शिवमय बना रहा।



