शिवमहापुराण कथा स्थल पर पुलिस की सख्ती: संदिग्ध रूप से घूम रहीं 7 महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
भिलाई। जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में कथा पंडाल में संदिग्ध रूप से घूम रहे महिलाओं के एक समूह को पुलिस ने चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाकर आवश्यक पूछताछ एवं पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कथा स्थल पर पुलिस की लगातार निगरानी
थाना भिलाई नगर क्षेत्र के जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर में 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
17 अगस्त को कथा पंडाल में महिलाओं के एक समूह की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस टीम ने उन्हें चिन्हित कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सभी 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाया गया।
7 महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सभी महिलाओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी आपराधिक मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया है। कार्रवाई का उद्देश्य कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई महिलाओं में—
- रीना, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश।
- अनीता देवी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश।
- सोनाली उर्फ शीला, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश।
- जाह्नवी देवी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश।
- गीता देवी, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश।
- संगीता, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
- नैना, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
कोई सामग्री जब्त नहीं
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की सामग्री जब्त नहीं की गई है। कार्रवाई पूरी तरह सुरक्षा एवं प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत की गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर पुलिस का फोकस
शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा कथा स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस टीम द्वारा आवश्यकता के अनुसार पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
दुर्ग पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
दुर्ग पुलिस ने कथा में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल फोन, नगदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान के साथ बच्चों पर भी विशेष नजर रखें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से कहा है कि यदि कथा स्थल या आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु नजर आती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।



