पाटन से 17 अगस्त को निकलेगी भव्य बोल बम कांवर यात्रा, 50 हजार से अधिक शिवभक्त होंगे शामिल

 पाटन से 17 अगस्त को निकलेगी भव्य बोल बम कांवर यात्रा, 50 हजार से अधिक शिवभक्त होंगे शामिल

‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजेगा पाटन से टोलाघाट तक का मार्ग, मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश डॉ. प्रेमासाई महाराज देंगे आशीर्वाद

पाटन। सावन के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक भव्य एवं विशाल बोल बम कांवर यात्रा निकाली जाएगी। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक यात्रा का नेतृत्व समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा करेंगे। यात्रा में पाटन सहित आसपास के क्षेत्रों से 50 हजार से अधिक शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

यात्रा को लेकर क्षेत्र में शिवभक्तों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। समिति द्वारा यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भगवान भोलेनाथ का पूजन कर सुबह 9 बजे होगा प्रस्थान

समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। 17 अगस्त को श्रद्धालु पाटन के ओग्गर तालाब में विराजमान भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ टोलाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।

उन्होंने पाटन क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं, स्वयंसेवकों तथा सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या समिति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और सामूहिक सहभागिता का महापर्व है।

‘एक मुट्ठी दान भगवान शंकर के नाम’, बनेगा महाप्रसाद

टोलाघाट पहुंचने वाले शिवभक्तों के लिए ‘एक मुट्ठी दान भगवान शंकर के नाम’ अभियान के माध्यम से प्राप्त अन्न एवं सहयोग से महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था रहेगी।

समिति के अनुसार प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु टोलाघाट पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की आराधना के बाद महाप्रसाद ग्रहण करते हैं।

डॉ. प्रेमासाई महाराज देंगे शिवभक्तों को आशीर्वाद

इस अवसर पर मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश, त्रिकालदर्शी परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई महाराज भी टोलाघाट पहुंचेंगे। वे कांवर यात्रियों एवं शिवभक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्त उनके दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए उपस्थित होंगे।

50 हजार से अधिक शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना

बोल बम कांवर यात्रा समिति के अनुसार पाटन सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होंगे। समिति ने 50 हजार से अधिक शिवभक्तों के टोलाघाट पहुंचने की संभावना जताई है। विशाल आयोजन को देखते हुए समिति के कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

‘सोनहा बादर’ की होगी सांस्कृतिक प्रस्तुति

धार्मिक आयोजन के साथ टोलाघाट में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रसिद्ध गायक जितेंद्र साहू कृत ‘सोनहा बादर’ की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं के लिए यह कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

बोल बम कांवर यात्रा समिति ने पाटन एवं आसपास के सभी शिवभक्तों से 17 अगस्त को होने वाली इस भव्य यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति ने श्रद्धालुओं से श्रद्धा, अनुशासन और सेवा भाव के साथ यात्रा में सहभागी बनकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक आस्था का विशाल जनसैलाब देखने को मिलेगा।