विद्यादीप पब्लिक स्कूल में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, बीआर सोनकर ने किया ध्वजारोहण
राकेश सोनकर की रिपोर्ट
कुम्हारी। नगर स्थित विद्यादीप पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल संस्थापक एवं संचालक बीआर सोनकर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषणों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों, पालकों और अतिथियों में उत्साह का संचार किया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
विद्यालय संस्थापक एवं संचालक बीआर सोनकर ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का पर्व हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य रामेश्वर सोनकर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति की भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

