गंगरेल वन क्षेत्र में घायल मिला भारतीय अजगर, सिर-पूंछ समेत शरीर पर गहरे घाव; वन विभाग ने किया रेस्क्यू
डोमन साहू | संवाददाता | धमतरी
धमतरी। जिले के गंगरेल वन क्षेत्र में घायल अवस्था में मिले एक भारतीय अजगर का वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। अजगर के सिर, पूंछ और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम उसे फॉरेस्ट रेंज ऑफिस लेकर पहुंची, जहां पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, गंगरेल वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम को एक अजगर घायल अवस्था में मिला था। वन्यजीव की स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल उसका रेस्क्यू किया और सुरक्षित तरीके से फॉरेस्ट रेंज ऑफिस लाया गया। यहां रेंजर धमतरी और डिप्टी रेंजर की मौजूदगी में अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
जांच के दौरान अजगर के सिर, पूंछ और शरीर पर गहरे घाव के निशान पाए गए। शुरुआती जांच में इन चोटों के पत्थर से लगने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, चोट किस वजह से लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अजगर की हालत फिलहाल स्थिर है। घायल वन्यजीव का लगातार उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
वन विभाग की टीम अजगर के स्वास्थ्य में सुधार होने तक उसकी देखभाल करेगी। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और नियमानुसार उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया तय की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल अथवा वन क्षेत्र में घायल या संकट में पड़े किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके साथ छेड़छाड़ न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर समय पर उपचार कराया जा सके।

