आधार और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी, भिलाई नगर पुलिस ने महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
भिलाई। आधार कार्ड, लाइव फोटो और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर धोखाधड़ी करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, थाना भिलाई नगर में एक प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 148/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 419 एवं 420 में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि प्रार्थी ने नया मोबाइल सिम लेने के लिए आधार कार्ड, लाइव फोटो और बायोमेट्रिक उपलब्ध कराया था। सिम विक्रेता ने तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए सिम जारी नहीं होने की जानकारी दी।
बाद में साइबर जांच के दौरान खुलासा हुआ कि प्रार्थी के नाम से एयरटेल का एक सिम कार्ड फर्जी तरीके से सक्रिय कर किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए दे दिया गया था। इससे स्पष्ट हुआ कि प्रार्थी की जानकारी और सहमति के बिना उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया।
जांच में सामने आया धोखाधड़ी का पूरा खेल
पुलिस विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी महिला की पहचान की गई। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी निशा सैंड (22 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस तरह दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सिम जारी करने के नाम पर आवेदक का आधार कार्ड, लाइव फोटो और बायोमेट्रिक लिया। इसके बाद तकनीकी समस्या बताकर सिम नहीं दिया, जबकि उन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर प्रार्थी के नाम से नया सिम सक्रिय कर किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए उपलब्ध करा दिया।
प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त
पुलिस ने मामले से संबंधित दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। पूरे मामले में साइबर तकनीकी सहायता टीम और थाना भिलाई नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सिम कार्ड जारी कराते समय अपने आधार कार्ड, पहचान दस्तावेज और बायोमेट्रिक केवल अधिकृत सिम विक्रेता के पास ही उपलब्ध कराएं। यदि किसी व्यक्ति को अपने नाम से बिना जानकारी के सिम जारी होने या किसी भी प्रकार की संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

