मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से 20 ग्राम सोने की चेन झपटने वाले मां-बेटे गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए जेवर व बाइक
भिलाई। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से करीब 20 ग्राम सोने की चेन झपटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6:10 बजे प्रार्थी श्रीमती उमा देवी (70 वर्ष) अपने निवास से कुछ दूरी पर सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 में मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार महिला और पुरुष वहां पहुंचे। आरोपी महिला ने बुजुर्ग से बातचीत करते हुए उन्हें सड़क किनारे लकड़ी से फूल तोड़ने के लिए कहा। जैसे ही महिला का ध्यान भटका, आरोपी ने उनके गले से लगभग 20 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, झपट ली। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 304(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से खुला मामला
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने एक महिला और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आई।
पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी रिश्ते में सगे मां-बेटे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी
- जी. गौतम (20 वर्ष)
पिता – ईश्वर
निवासी – कैंप-1, शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग - जे. पार्वती (48 वर्ष)
पति – ईश्वर
निवासी – कैंप-1, शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि उन्होंने इससे पहले भी इस प्रकार की झपटमारी की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

