भिलाई-दुर्ग में ‘चिट्टा’ तस्करी का बड़ा खुलासा: पंजाब से हेरोइन मंगाकर बेचने वाला संगठित गिरोह ध्वस्त, 18 ग्राम हेरोइन सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी पंजाब से ₹3 हजार प्रति ग्राम में खरीदकर ₹6 हजार प्रति ग्राम में करता था बिक्री, पुलिस नेटवर्क और सप्लाई चेन की कर रही गहन जांच
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) मंगाकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सुपेला की चौकी स्मृति नगर पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), छह मोबाइल फोन तथा नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹3.50 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पंजाब से लगभग ₹3,000 प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में अपने सहयोगियों के माध्यम से ₹6,000 प्रति ग्राम की दर से बेचता था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने इस अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ कमाने की बात स्वीकार की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी स्मृति नगर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरमीत सिंह रंधावा अपने साथियों के साथ जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल के पीछे हेरोइन की बिक्री करने पहुंचा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी की और मौके से सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान हेरोइन, मोबाइल फोन एवं नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई, जिसे विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया।
युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में विभाजित कर नशे के आदी लोगों और युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में सक्रिय था।
सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। इनके आधार पर सप्लायर, ग्राहकों, आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और किन-किन क्षेत्रों में मादक पदार्थ की सप्लाई की जाती थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1091/2026 में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(ख), 27 एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- गुरमीत सिंह रंधावा (26 वर्ष), विवेकानंद नगर, सुपेला
- गगनदीप सिंह (29 वर्ष), हाउसिंग बोर्ड, जामुल
- शुभम कुमार बैस (29 वर्ष), हाउसिंग बोर्ड, जामुल
- जी. विनित (30 वर्ष), सेक्टर-4, भिलाई
- उत्तम सिंह उर्फ बॉबी (28 वर्ष), कैंप-2, छावनी
- अब्दुल कादिर (34 वर्ष), प्रगति नगर, जामुल
जब्त सामग्री
- लगभग 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा)
- 06 मोबाइल फोन
- नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री
- कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3.50 लाख
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

