निर्माण कार्यों में तेजी और सफाई व्यवस्था पर सख्त हुईं निगम आयुक्त, विकास कार्यों का किया मैदानी निरीक्षण
अनुष्ठा रेसिडेंसी, अयप्पा नगर, आमा तालाब, फौजी नगर और आईटीआई का दौरा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य एवं स्वच्छता के निर्देश
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने गुरुवार को शहर के विभिन्न विकास कार्यों, प्रस्तावित निर्माण स्थलों, तालाबों, सफाई व्यवस्था तथा आईटीआई परिसर में संचालित कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (सीएनसी) कार्य का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आयुक्त ने सबसे पहले अनुष्ठा रेसिडेंसी में कॉलोनी विकास शुल्क मद से कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कॉलोनीवासियों को जल्द से जल्द आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके बाद आयुक्त ने अयप्पा नगर में प्रस्तावित विकास कार्य स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल की स्थिति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्रवासियों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त कोहका स्थित आमा तालाब भी पहुंचीं, जहां उन्होंने तालाब और उसके आसपास की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा तालाब परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने वार्ड क्रमांक-24 फौजी नगर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में कचरा फेंकने एवं अवैध रूप से डम्पिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना लगाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने आईटीआई परिसर में संचालित कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (सीएनसी) कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रशिक्षण एवं संचालन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं जोन आयुक्त दिनेश कोसरिया, अमरनाथ दुबे, ऐशा लहरे, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, संजय वर्मा, अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, श्वेता वर्मा, चंद्रकांत साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

